कॉफी विद करण’ को कहेंगे अलविदा! सीजन 9 की रिलीज डेट आई सामने, पहले गेस्ट होंगे सलमान खान
मुंबई: करण जौहर ने पॉपुलर चैट शो ‘कॉफी विद करण’ के नौवें सीजन की आधिकारिक घोषणा कर दी है। जहां इसका पहला प्रोमो जारी कर दिया गया है, वहीं शो के फैन्स के लिए एक निराशाजनक खबर भी है। प्रोमो में करण ने बताया कि शो अब अपने अंतिम चरण में है।जी हां, 54 साल के करण जौहर ने बुधवार को जारी इस इमोशनल वीडियो में बताया है कि ‘काफी विद करण सीजन 9’ इस टॉक शो का आखिरी सीजन होगा। करीब 22 साल से दर्शकों के बीच इस शो ने अपनी खास पहचान बनाई है। सेलेब्रिटी मेहमानों से जुड़ी मजेदार बातों और कई बार और विवादित बयानों के लिए भी यह शो जाना जाता है।
प्रोमो में करण जौहर शो के साथ अपने लंबे सफर को याद करते हैं। वे बताते हैं कि 2004 में उन्होंने अपने पिता यश जौहर से टॉक शो होस्ट करने का आइडिया शेयर किया था। उस समय उनके पिता को भी शो की कामयाबी पर शक था। करण बताते हैं कि उनके पिता ने पूछा था कि उन्हें दोस्तों के साथ बस बातचीत करते हुए देखने के लिए कौन पैसे देगा। करण ने 2004 में शो शुरू किया और अब तक आठ सीजन में 161 एपिसोड आ चुके हैं। अब इसका आखिरी सीजन आने वाला है। ‘कॉफी विद करण 9’ के पहले एपिसोड में सलमान खान अकेले गेस्ट के तौर पर नजर आएंगे।
करण जौहर ने किया ‘कॉफी विद करण 9’ का ऐलान
अपने वीडियो में भावुक होते हुए करण जौहर ने कहा, “यह किसी प्रोफेशनल घोषणा से ज्यादा एक भावुक संदेश है। यह जून 2004 की बात है जब मैंने अपने पिता से कहा था कि मैं सच में एक टॉक शो होस्ट करना चाहता हूँ।” मैं दो सेलेब्रिटी या स्टार्स को बुलाना चाहता हूं और उनसे बस अनौपचारिक बातचीत करना चाहता हूं। उन्होंने मेरी तरफ देखा और कहा कि करण, तुम अपने दोस्तों को बुलाओगे और उनसे बात करोगे, जो तुम वैसे भी करते ही हो; इसके लिए तुम्हें पैसे कौन देगा? उसी महीने 26 जून को उनका निधन हो गया, और शो के लिए मैंने पहला शूट 16 अगस्त 2004 को किया था। आज मैं यहां हूं। 8 सीजन, 22 साल और 161 एपिसोड के बाद; बहुत कुछ हुआ है।’
‘कॉफी’ ने करण को दिए यादगार पल
अपने सफर को याद करते हुए करण ने बताया कि उन्होंने शो में प्रेमियों, दोस्तों और परिवारों को बुलाया था। उन्होंने ऐसे जोड़ों से भी बात की जो बाद में अलग हो गए, और साथ ही ऐसे लोगों से भी जिनके रिश्ते शादी में बदल गए। करण ने कहा, “मैंने प्रेमियों, दोस्तों, परिवार के सदस्यों और यहां तक कि ऐसे जोड़ों को भी बुलाया जो बाद में अलग हो गए; उनमें से कुछ की तो शादी भी हो गई।” मैंने लगभग नेशनल आइकॉन के करियर खत्म ही कर दिए थे; आज भी मैं नेपोटिज़्म शब्द के साथ जी रहा हूं। अटकलें लगाना एक तरह का नेशनल शब्द बन गया। ; बहुत कुछ हुआ। मैं जहां भी जाता हूं, अच्छी या बुरी किस्मत से, मुझसे हमेशा पूछा जाता है कि कॉफी विद करण का अगला सीजन कब आएगा। मुझे हैरानी होती है कि वे मुझसे यह क्यों नहीं पूछते कि मेरी अगली फीचर फिल्म कब आएगी, लेकिन जो भी हो, मुझे पता है कि इस शो ने मुझे बहुत कुछ दिया है।’
‘मेरे साथ कॉफी का एक आखिरी कप पीजिए’
शो के आखिरी सीजन की घोषणा करते हुए करण ने कहा कि वह अपनी जिंदगी के ऐसे पड़ाव पर पहुंच गए हैं जहां उन्हें लगा कि अब इस सफर से पीछे हटने का समय आ गया है। उन्होंने कहा, “मैं अपनी जिंदगी के ऐसे मोड़ पर पहुंच गया हूं जहां मुझे एहसास हुआ कि हर अच्छी चीज का कभी न कभी अंत होता ही है।” भारी मन से मुझे यह कहना पड़ रहा है कि यह कॉफी विद करण का मेरा आखिरी सीजन होगा। ट्रोलिंग, कमेंट्स और पोस्ट्स तो होंगे ही, और मैं उनका सामना करने के लिए तैयार हू्ं, लेकिन इन सबके बीच और इनके परे, मैं जानता हूं कि इस कॉफी के कप के लिए अभी भी बहुत प्यार है। तो कॉफी विद करण के मेरे आखिरी सीजन में मेरे साथ जुड़िए और मेरे साथ कॉफी का वह आखिरी कप पीजिए। चीयर्स!’
पहले एपिसोड में सोलो गेस्ट होंगे सलमान खान
सीजन 9 के मेहमानों की पूरी आधिकारिक लिस्ट अभी तक सामने नहीं आई है। हालांकि, ‘वैरायटी इंडिया’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सलमान खान ‘कॉफी विद करण 9’ के पहले एपिसोड में मेहमान होंगे। खास बात यह है कि इस बार सलमान करण जौहर के शो में अकेले नजर आएंगे; यह शो में उनकी पहली पूरी तरह से सोलो अपीयरेंस होगी। इससे पहले, सलमान सीजन 4 में अपने पिता सलीम खान के साथ और सीजन 5 के 100वें एपिसोड में अपने भाइयों अरबाज और सोहेल खान के साथ नजर आए थे। इस इतिहास को देखते हुए, सीजन 9 में उनका अकेले आना शो के लिए एक खास बात मानी जा रही है।
‘कॉफी विद करण 9’ OTT रिलीज डेट
यह पता चला है कि ‘कॉफी विद करण 9’ 14 अक्टूबर से ‘JioHotstar’ पर स्ट्रीम होगा। करण जौहर के लिए यह नया सीजन बहुत खास है, क्योंकि यह इस शो का आखिरी सीजन है, जो 22 सालों से चल रहा है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि करण आखिरी एपिसोड्स और मेहमानों के चुनाव के जरिए इस लंबे सफर को कैसे यादगार बनाते हैं। (एजेंसी)

