Thu. Oct 1st, 2026

ज्ञानेश कुमार के खिलाफ INDIA ब्लॉक का बड़ा अभियान, 2 से 8 अक्टूबर तक देशभर में प्रदर्शन

नईदिल्ली : आज हुई INDIA गठबंधन की बैठक में यह तय किया गया कि 2 अक्टूबर से चुनाव आयोग के खिलाफ देशव्यापी अभियान शुरू किया जाएगा। इस अभियान के दौरान कई रैलियां आयोजित की जाएंगी और विपक्षी नेताओं की चिंताओं को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तक पहुंचाने के लिए उनसे मुलाकात का समय मांगा जाएगा। बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की और बताया कि 20 पार्टियों ने इसमें हिस्सा लिया और सभी ने अपनी राय रखी। उद्धव ठाकरे और हेमंत सोरेन ने वर्चुअल तरीके से बैठक में शामिल होकर अपना पक्ष रखा। चर्चा लगभग साढ़े तीन घंटे तक चली। इस बैठक में सभी ने मिलकर निर्णय लिया है कि मजबूती के साथ मिलकर आगे लड़ेंगे।

6 तरीख को चुनाव आयोग तक मार्च

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि वे लोकतंत्र और युवाओं के लिए लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार अब मोदी सरकार के हाथों की कठपुतली बन गए हैं, इसलिए वे उनके खिलाफ देशव्यापी अभियान शुरू करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग वोट से जुड़ी गड़बड़ियों में शामिल है और ज्ञानेश कुमार कठपुतली की तरह काम कर रहे हैं। वे इसके खिलाफ 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक अभियान चलाएंगे और 6 अक्टूबर को चुनाव आयोग तक मार्च करेंगे। विपक्षी नेता राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मिलेंगे और अपनी बात रखेंगे। खरगे ने बताया कि हम देशभर में 5 बड़ी रैलियां करेंगे। ये रैलियां अक्‍टूबर और नंवबर के महीने में होंगी। इनका समय और स्‍थान हम जल्‍द बताएंगे। जिला स्‍तर पर भी लोकतंत्र बचाओ अभियान चलाएंगे।

ज्ञानेश कुमार बने कठपुतली

INDIA गठबंधन की बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, “असल में, चुनाव आयोग के दो-तीन अधिकारी सिर्फ मोहरे हैं, जबकि अमित शाह और मोदी उन्हें कठपुतली की तरह नचा रहे हैं। सभी पार्टियों ने मिलकर यह लड़ाई लड़ने का फैसला किया है। INDIA गठबंधन के सदस्य 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक जिला मजिस्ट्रेट दफ्तरों के बाहर विरोध प्रदर्शन करेंगे और विपक्ष के सांसद 6 अक्टूबर को चुनाव आयोग तक मार्च करेंगे।”विपक्ष के नेता अक्टूबर के दूसरे हफ्ते में राष्ट्रपति से मिलने का समय मांगेंगे ताकि उन्हें बता सकें कि किस तरह संस्थाओं पर कब्जा किया जा रहा है।

राहुल गांधी बोले- लोकतंत्र को बर्बाद करने वालों को देंगे सजा

INDIA गठबंधन की बैठक के बाद, कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, “हमारे सभी नेताओं का यह संकल्प है कि हम यह सुनिश्चित करेंगे कि जिन लोगों ने भारतीय लोकतंत्र को नष्ट किया है, उन्हें सज़ा मिले। इससे कोई फ़र्क नहीं पड़ता कि वे कितने वरिष्ठ हैं या कौन हैं; भारतीय लोकतंत्र इस देश के हर व्यक्ति से बड़ा है। मैं विपक्ष के सभी नेताओं से कहना चाहता हूं कि वे भारतीय संविधान के सामूहिक रक्षक हैं और हमारे लिए साथ मिलकर काम करना सम्मान की बात है। हमें पूरा भरोसा है कि आने वाले कुछ महीनों में हम देश में बड़े बदलाव लाएंगे। ” (एजेंसी)

 

About The Author

इन्हें भी पढ़े