Sat. Sep 26th, 2026

Cyclone Arnab का असर, झारखंड के 7 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट

Cyclone Arnab In jharkhand: बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने कम दबाव वाले क्षेत्र का असर झारखंड के कई हिस्सों में महसूस किया जा रहा है। राज्य के कई जिलों में बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाएं चल रही हैं। राजधानी रांची में शुक्रवार सुबह से ही तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, 25 सितंबर को झारखंड में भारी बारिश, आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है।

सात जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट

बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने गहरे कम दबाव वाले क्षेत्र के कारण, पिछले 24 घंटों में झारखंड के कई जिलों में बादल छाए रहे और रुक-रुक कर बारिश हुई। रांची में 9 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि बहरागोड़ा में राज्य में सबसे ज्यादा 43.5 मिमी बारिश हुई। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 25 सितंबर के लिए गढ़वा, पलामू, चतरा, कोडरमा, गिरिडीह, हजारीबाग और लातेहार में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, रांची समेत अन्य जिलों में मौसम धीरे-धीरे साफ होने की संभावना है, हालांकि बादल छाये रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की बारिश व तेज हवा चल सकती है।

अब भी सामान्य से 05 प्रतिशत कम बारिश

झारखंड में अब भी सामान्य से पांच प्रतिशत कम बारिश हुई है। आम तौर पर राज्य में 1 जून से 24 सितंबर के बीच 984.7 मिमी बारिश होती है, लेकिन अब तक यहां सिर्फ 935.7 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इसके उलट, इस दौरान रांची में सामान्य बारिश 1003.2 मिमी होती है, लेकिन वहां पहले ही 1127 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 12 प्रतिशत ज्यादा है।वहीं, पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य से 43 प्रतिशत, सरायकेला में 17, लोहरदगा में तीन, लातेहार में 13 और पूर्वी सिंहभूम में सात प्रतिशत अधिक बारिश हो गयी है। पाकुड़, चतरा, देवघर, गुमला, साहिबगंज, पलामू, गढ़वा, हजारीबाग, कोडरमा में अभी भी सामान्य से कम बारिश हुई है।

धनबाद में सबसे अधिक 128.6 मिमी वर्षा दर्ज, कमजोर हुआ तूफान

बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने गहरे डिप्रेशन का असर झारखंड में भी महसूस किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग के रांची केंद्र के अनुसार, पिछले 24 घंटों में सबसे ज्यादा बारिश धनबाद के बाघमारा में 128.6 मिमी दर्ज की गई। राजधानी रांची में भी बारिश हुई। रांची एयरो में 52.6 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि BAU कांके में 102.4 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा, नंदी में 123.6 मिमी, पुटकी CWC में 118.4 मिमी, पालगंज में 105 मिमी, कुकुर में 98.6 मिमी और निमडीह में 97.4 मिमी बारिश दर्ज की गई।

26 सितंबर को भी बारिश के आसार

शुक्रवार को राज्य के ज्यादातर इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश या आंधी-तूफान की संभावना है। उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। शनिवार को भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश और आंधी-तूफान की संभावना बनी रहेगी। इस बीच, अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है।इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान में धीरे-धीरे 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। 27 और 28 सितंबर को भी राज्य में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश या मेघ गर्जन होने की संभावना जताई गई है। (एजेंसी)

About The Author