सांसें रोक देने वाला फाइनल: 27-26 तक फंसा था मुकाबला, ईरान को हराकर भारत की बेटियों ने जीता गोल्ड
Asian Games 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया है। फाइनल मुकाबले में भारत ने ईरान को 37-34 से हराया। मुकाबला बेहद रोमांचक रहा और आखिरी कुछ मिनटों में भारतीय टीम ने जोरदार वापसी करते हुए जीत पक्की की।
पहले हाफ में भारत ने बनाई बढ़त
फाइनल की शुरुआत से ही भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल दिखाया। पहले हाफ के खत्म होने तक भारत ने ईरान के खिलाफ 22-16 की बढ़त बना ली थी। इस बढ़त के बाद भारतीय टीम की स्थिति मजबूत नजर आ रही थीहालांकि दूसरे हाफ में ईरान ने रणनीति बदली और लगातार अंक हासिल करते हुए मुकाबले में वापसी कर ली।
27-26 पर मुश्किल में फंसा भारत
दूसरे हाफ में ईरान के दबाव के बीच मुकाबला बेहद करीबी हो गया। स्कोर 27-26 तक पहुंच गया और इसी दौरान भारतीय टीम को ऑलआउट का सामना करना पड़ा। ऐसे समय में भारतीय टीम के लिए मुकाबला संभालना चुनौती बन गया था। टीम ने टाइमआउट लेकर रणनीति पर दोबारा काम किया और इसके बाद खेल का रुख बदलता नजर आया।
आखिरी 5 मिनट में भारत का जबरदस्त खेल
मुकाबले के अंतिम पांच मिनट भारतीय टीम के लिए निर्णायक साबित हुए। खिलाड़ियों ने एक के बाद एक अहम अंक जुटाए और ईरान पर दबाव बढ़ा दिया। भारत ने अपनी बढ़त को मजबूत करते हुए आखिरकार मुकाबला 37-34 से अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारतीय महिला कबड्डी टीम ने गोल्ड मेडल पर कब्जा जमा लिया।
एशियन गेम्स में महिला कबड्डी का चौथा गोल्ड
इस जीत के साथ भारत ने एशियन गेम्स के इतिहास में महिला कबड्डी का अपना चौथा गोल्ड मेडल हासिल किया। भारतीय महिला टीम का इस प्रतियोगिता में शानदार रिकॉर्ड रहा है। 2018 जकार्ता एशियन गेम्स में भारत को सिल्वर मेडल मिला था, जबकि अन्य संस्करणों में टीम ने गोल्ड मेडल जीतकर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है।
READ MORE: पानी में डूबा महादेवघाट पुल, रायपुर से अमलेश्वर का रास्ता बंद; दुर्ग में 55 रेस्क्यू
कप्तान पुष्पा राणा को था जीत का भरोसा
फाइनल से पहले भारतीय टीम की कप्तान पुष्पा राणा ने ईरान को मजबूत प्रतिद्वंद्वी बताया था। उन्होंने मुकाबले में कड़ी चुनौती की उम्मीद जताई थी, लेकिन साथ ही टीम की जीत को लेकर भरोसा भी जाहिर किया था। फाइनल में भारतीय खिलाड़ियों ने दबाव के बावजूद संयम बनाए रखा और आखिरी चरण में शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया।
भारत के खाते में 27 मेडल
महिला कबड्डी में गोल्ड के साथ भारत ने Asian Games 2026 में अपना तीसरा गोल्ड मेडल हासिल किया। भारतीय दल के कुल पदकों की संख्या 27 हो गई है। इससे पहले महिला क्रिकेट टीम और 10 मीटर एयर पिस्टल की मिक्स्ड टीम में कमलजीत और सुरूची सिंह ने भी भारत के लिए गोल्ड मेडल जीते थे। महिला कबड्डी टीम की यह जीत इसलिए भी खास रही क्योंकि फाइनल में एक समय भारत मुश्किल स्थिति में था, लेकिन निर्णायक पलों में खिलाड़ियों ने शानदार वापसी करते हुए गोल्ड अपने नाम कर लिया।

