Fri. Oct 30th, 2026

सहेली बनी दुश्मन! युवक से रिश्ते से इनकार पर छात्रा को सुनसान जगह ले जाकर बेरहमी से पीटा; मंगवाई माफी, VIDEO वायरल

सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले में दोस्ती और विश्वास को तार-तार कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक कॉलेज छात्रा पर उसकी ही दो सहपाठियों और उनकी दो अन्य सहेलियों ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि छात्रा ने एक छात्र के साथ प्रेम संबंध बनाने और दोस्ती करने से इनकार कर दिया था, जिससे नाराज होकर उसकी सहेलियों ने उसे सबक सिखाने के लिए सुनसान इलाके में ले जाकर लात-घूंसों और डंडों से बेरहमी से पीटा। इतना ही नहीं, मारपीट के दौरान छात्रा से वीडियो कॉल पर उस युवक से माफी भी मंगवाई गई। घटना का खौफनाक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कोलगवां थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

बाजार का बहाना बनाकर जंगल की तरफ ले गईं आरोपी

पीड़िता के अनुसार, एक छात्र पिछले काफी समय से उसे व्हाट्सएप पर मैसेज भेजकर तंग कर रहा था। छात्रा ने जब इसका कड़ा विरोध किया, तो कॉलेज में साथ पढ़ने वाली और पड़ोस में रहने वाली एक सहेली ने उस पर युवक के साथ रिलेशनशिप में आने का दबाव बनाया।

पीड़िता के लगातार मना करने पर आरोपी सहेली ने 6 अगस्त को उसे बाजार चलने का झांसा देकर अपनी स्कूटी पर बैठाया। शहर में कुछ देर घुमाने के बाद आरोपी उसे उतैली स्थित रिश्तेदार के घर चलने की बात कहकर नगर वन के सामने एक सुनसान जगह ले गई। वहां पहले से ही मुंह पर नकाब बांधे तीन अन्य लड़कियां घात लगाए बैठी थीं।

डंडे से चेहरे पर किए वार, मोबाइल में रिकॉर्ड की पूरी बर्बरता

सुनसान जगह पहुंचते ही चारों लड़कियों ने छात्रा को घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। एक लड़की ने डंडे से छात्रा के कान, आंख और चेहरे पर जोरदार वार किए, जिससे वह लहूलुहान हो गई। बाकी लड़कियों ने उसे जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा। इस दौरान आरोपियों में से एक छात्रा ने मोबाइल से मारपीट का पूरा वीडियो बनाया। छात्रा को जान से मारने की धमकी देकर वीडियो कॉल पर उस युवक से माफी मंगवाई गई। जब पीड़िता ने डर के मारे युवक की शर्तें मानने की हामी भरी, तब आरोपी उसे सेमरिया चौराहे पर बदहवास हालत में छोड़कर भाग गईं।

38 दिन बाद सामने आया सच, थाने पहुंची पीड़िता

पीड़िता डर और पारिवारिक परिस्थितियों के कारण करीब 38 दिनों तक पूरी घटना को छिपाए रही। पीड़िता की मां गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं और पिता इलाज के लिए बाहर गए हुए थे, जिसके कारण वह अपने एक रिश्तेदार के यहां रहकर पढ़ाई कर रही थी। मामला तब खुला जब यह वायरल वीडियो छात्रा के एक नजदीकी रिश्तेदार के मोबाइल पर पहुंचा। परिजनों द्वारा सख्ती से पूछने पर छात्रा ने रोते हुए पूरी आपबीती सुनाई। इसके बाद 11 सितंबर को पीड़िता परिजनों के साथ कोलगवां थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने शुरू की तकनीकी जांच, केस दर्ज करने के आदेश

कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी ने बताया कि घटना पुलिस के संज्ञान में आ चुकी है। विवेचना अधिकारी को पीड़िता के बयान दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ तत्काल सुसंगत धाराओं में अपराध दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस वायरल वीडियो का तकनीकी परीक्षण करा रही है और वीडियो में नजर आ रही चारों छात्राओं और संबंधित युवक की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

About The Author

इन्हें भी पढ़े

SKY TMT