Gaurav Khanna-Akanksha Chamola: ‘मुझे 10 करोड़ रुपये नहीं मिले’, तलाक के बाद आकांक्षा ने बताई पूरी कहानी
टीवी इंडस्ट्री के मशहूर एक्टर गौरव खन्ना और उनकी एक्स वाइफ आकांक्षा चमोला (Akanksha Chamola) के रिश्ते और तलाक को लेकर लगातार कयासबाजी चल रही है। हाल ही में जब से आकांक्षा ने ‘रियलिटी शो’ के दौरान अपनी पर्सनल लाइफ पर बात की है, तभी से सोशल मीडिया पर दोनों को लेकर गॉसिप्स का दौर जारी है। इसी बीच अफवाह उड़ी थी कि आकांक्षा को गौरव खन्ना से तलाक के एवज में 10 करोड़ रुपये की भारी-भरकम एलिमनी मिली है। अब एक्ट्रेस ने इन खबरों पर पूरी तरह विराम लगाते हुए अपनी चुप्पी तोड़ी है।
‘अगर 10 करोड़ मिले होते तो यहां नहीं बैठी होती’
एक इंटरव्यू के दौरान आकांक्षा चमोला ने 10 करोड़ रुपये मिलने के दावों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने ना तो इतने पैसे मांगे हैं और ना ही गौरव ने उन्हें दिए हैं। आकांक्षा ने मजाकिया और बेबाक लहजे में कहा- “अगर मैंने मांगा होता और अगर मुझे 10 करोड़ रुपये मिल गए होते, तो मैं आज यहां नहीं बैठी होती। मेरे पास इतने पैसे होते तो मैं शायद देश छोड़कर ही चली जाती।”
उन्होंने आगे बताया कि जिस वक्त उन्होंने नेशनल टीवी पर अपनी पर्सनल लाइफ के इस राज से पर्दा उठाया था, उस वक्त उनके दिमाग में कुछ नहीं चल रहा था। उन्होंने सोचा कि यह बात आज नहीं तो कल सामने आनी ही है, इसलिए इसे जितनी जल्दी सामने लाकर खत्म कर दिया जाए उतना बेहतर है।
6 साल बाद की नए सिरे से शुरुआत
शादी टूटने के दर्द और उसके बाद के संघर्ष पर खुलकर बात करते हुए आकांक्षा ने कहा- “मैं दुनिया को यह बताना चाहती हूं कि किसी भी औरत के लिए एक बने-बनाए रिश्ते से बाहर निकलना और नए सिरे से अपनी जिंदगी शुरू करना आसान नहीं होता। टीवी इंडस्ट्री जानती है कि मैं पिछले 6 सालों से काम नहीं कर रही थी और सिर्फ घर संभाल रही थी। बाद में मैंने शादी से बाहर निकलने और दोबारा काम शुरू करने का फैसला किया। इस इंडस्ट्री में मेरा कोई गॉडफादर नहीं है, मैंने बिल्कुल ज़ीरो से छोटे-छोटे कदम उठाकर अपने करियर की नींव दोबारा रखी है।”
गेम पर पड़ा पर्सनल लाइफ की खबरों का असर
शो के दौरान अपने मानसिक तनाव को याद करते हुए आकांक्षा ने स्वीकार किया कि बाहर हो रही ट्रोलिंग की खबरों ने उनके खेल को प्रभावित किया। उन्होंने कहा- “जब आप किसी शो में होते हैं, तो आप बाहरी दुनिया की बातों से कटकर बेहतर परफॉर्म करना चाहते हैं। लेकिन जब अचानक आपको हकीकत का सामना करना पड़ता है, तो उसका असर खेल पर पड़ता ही है। एक वक्त के बाद मेरा ध्यान गेम पर नहीं था, मैं बस यही सोच रही थी कि बाहर मेरा परिवार ठीक है या नहीं।”

