दोषियों को मिलेगी फांसी जैसी सजा, तुड़वाएंगे अवैध मकान’: सागर शराब कांड पर गरजे CM मोहन यादव
सागर।
मध्य प्रदेश के सागर में हुए बहुचर्चित शराब कांड के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए सीएम मोहन यादव बुधवार को खुद सागर पहुंचे और बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती पीड़ितों का हाल जाना। अस्पताल परिसर में मीडिया से मुखातिब होते हुए मुख्यमंत्री ने अपराधियों को दो टूक चेतावनी दी कि सरकार किसी भी सूरत में दोषियों को बख्शने के मूड में नहीं है।
‘सजा ऐसी होगी कि कोई दोबारा हिम्मत न करे’
पीड़ितों से बातचीत के बाद मुख्यमंत्री ने कड़े लहजे में कहा कि इस कांड में शामिल आरोपियों पर ऐसी धाराओं में केस दर्ज किया गया है, जिनमें फांसी तक की सजा का प्रावधान है। उन्होंने साफ किया कि सरकार ऐसी सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी जो अपराधियों के लिए एक मिसाल बनेगी। इसके साथ ही सीएम ने घोषणा की कि मामले से जुड़े सभी आरोपियों के अवैध अतिक्रमणों और निर्माणों पर तत्काल बुलडोजर चलाया जाएगा।
पुलिस-प्रशासन को खुली छूट, चलेगा नशा मुक्ति अभियान
जहरीली शराब और नशे के अवैध कारोबार की जड़ों को उखाड़ फेंकने के लिए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस को माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई के लिए पूरी तरह ‘फ्री हैंड’ दे दिया गया है। अवैध कारोबारियों पर शिकंजा कसने के साथ-साथ समाज को जागरूक करने के लिए सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से बड़ा नशा मुक्ति अभियान शुरू किया जाएगा। पीड़ितों के समुचित और उच्चस्तरीय इलाज का पूरा खर्च व जिम्मा शासन स्तर पर सुनिश्चित किया गया है।
संवेदनशील मुद्दों पर राजनीति न करे विपक्ष: सीएम
विपक्ष के हमलों का जवाब देते हुए डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर भी तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल के दौरान अपराधियों पर लगाम कसने के लिए इतने सख्त कानून नहीं थे, जितने कड़े कदम आज उठाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने विपक्ष को नसीहत दी कि ऐसे मानवीय और गंभीर मसलों पर सियासत चमकाने के बजाय सभी दलों को मिलकर नशे के खात्मे के लिए आगे आना चाहिए।

