महाकाल की नगरी में 2028 के महाकुंभ की भव्य तैयारी, CM मोहन ने बताया कैसा होगा ‘सिंहस्थ’ का स्वरूप
उज्जैन/भोपाल। मध्य प्रदेश की धर्मनगरी उज्जैन में अभी से दुनिया के सबसे बड़े धार्मिक समागम ‘सिंहस्थ 2028’ की तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्पष्ट कर दिया है कि बाबा महाकाल के आशीर्वाद से 2028 का महाकुंभ अब तक का सबसे भव्य, दिव्य और अद्भुत आयोजन होगा।
रविवार को उज्जैन में सिंहस्थ मेला प्राधिकरण के नवनियुक्त अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल के पदभार ग्रहण समारोह में वर्चुअली जुड़कर सीएम ने सरकार का पूरा मेगाप्लान साझा किया।
किसानों और आम जनता से सीएम की खास अपील
सीएम ने कहा कि जिन किसानों के पास खाली जमीन उपलब्ध है, वे वहां स्वेच्छा से स्कूल, अस्पताल और हॉस्टल जैसी सुविधाएं विकसित करें। इस नेक काम में राज्य सरकार उन्हें पूरा सहयोग देगी। महाकुंभ से पहले उज्जैन के अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों का कायाकल्प और सौंदर्यीकरण किया जाएगा, ताकि देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को एक अलौकिक स्वरूप देखने को मिले। सीएम ने उन नागरिकों और विभिन्न धर्मों के लोगों का विशेष आभार जताया, जिन्होंने विकास कार्यों के लिए स्वेच्छा से अपनी जमीन और प्रतिष्ठान सौंप दिए हैं।
‘महाकाल लोक’ के बाद दुनिया भर में फैला आभा मंडल
सिंहस्थ मेला प्राधिकरण के नए अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल ने बाबा महाकाल की तस्वीर का पूजन कर अपना कार्यभार संभाला। इस अवसर पर मौजूद सांसद अनिल फिरोजिया ने कहा कि ‘श्री महाकाल लोक’ (Shri Mahakal Lok) बनने के बाद से उज्जैन की ख्याति पूरी दुनिया में फैल चुकी है और आगामी कुंभ विश्व का सबसे बड़ा मेला होगा।
संतों ने भी की सीएम की तारीफ
कार्यक्रम में उपस्थित संत समाज ने भी सरकार की तैयारियों पर मुहर लगाई। राज्यसभा सांसद संत बालयोगी उमेश नाथ महाराज और स्थानीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रामेश्वरदास महाराज ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में 2028 का कुंभ ऐतिहासिक होगा और सनातन धर्म की भव्यता का सबसे बड़ा प्रतीक बनेगा।

