Wed. Aug 26th, 2026

राखी ऐड पर बवाल के बाद बड़ा एक्शन, कृति सेनन का विज्ञापन सभी प्लेटफॉर्म से हटाया गया

मुंबई : रक्षाबंधन के मौके पर ब्रालेट ब्लाउज पहनना कृति सैनन के लिए उल्टा पड़ गया। जब लोगों ने कृति सैनन को एक ज्वेलरी ब्रांड के विज्ञापन में ब्रालेट पहने और अपने भाई को राखी बांधते देखा, तो वे भड़क उठे। कृति के इस विज्ञापन ने विवाद खड़ा कर दिया है। कृति और ज्वेलरी ब्रांड दोनों को सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया जा रहा है। कंगना रनौत ने भी कृति के पहनावे पर सवाल उठाए। विवाद के बाद, ज्वेलरी ब्रांड ने अपना विज्ञापन वापस ले लिया है।

हटाया गया कृति का विवादित एड

रक्षाबंधन से पहले राखी के विज्ञापन को लेकर हुए विवाद को देखते हुए, ज्वेलरी ब्रांड जीआईवीए(GIVA) ने अब प्रतिक्रिया दी है। GIVA ने कृति सैनन अभिनीत अपना रक्षाबंधन विज्ञापन वापस ले लिया है। GIVAने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज पर एक पोस्ट के माध्यम से विवादित विज्ञापन को हटाने की घोषणा की। अपने बयान में, GIVA ने कहा कि वह भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों का पूरा सम्मान करता है। ब्रांड ने यह भी कहा कि इस अभियान का उद्देश्य पालतू जानवरों में भी त्योहार की भावना को जगाना था।

ब्रांड ने एक बयान में कहा, “हम भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों के प्रति सर्वोच्च सम्मान और श्रद्धा रखते हैं। एक ब्रांड के रूप में, हम हमेशा से इन आनंदमय क्षणों को पूरे परिवार के साथ मनाने में विश्वास रखते आए हैं, और इस बार हम इस प्यार और उत्सव को अपने पालतू जानवरों तक भी पहुंचाना चाहते हैं।”

बयान में आगे कहा गया, “यदि हमारे विज्ञापन से अनजाने में समाज के किसी भी वर्ग की भावनाओं को ठेस पहुंची है, तो हम स्पष्ट करना चाहते हैं कि हमारा ऐसा कोई इरादा नहीं था। हमने विज्ञापन को सभी प्लेटफॉर्म/मीडिया से हटा दिया है। हम आप सभी को इस त्योहारी मौसम में ढेर सारा प्यार और शुभकामनाएं देते हैं।”

राखी एड में क्या था?

एक ज्वेलरी ब्रांड के विज्ञापन में कृति सैनन अपने ऑनस्क्रीन भाई को राखी बांधते हुए नजर आईं। उन्होंने ब्रालेट स्टाइल ब्लाउज के साथ श्रग और शरारा पहना था। रक्षा बंधन जैसे पवित्र त्योहार पर कृति के इस तरह के रिवीलिंग आउटफिट को लोगों ने पसंद नहीं किया।लोगों ने इसे भारतीय संस्कृति के खिलाफ बताया। वहीं, राखी एड में पूजा की थाली मिसिंग होने पर भी लोगों ने सवाल उठाए थे। कुछ लोगों को कृति का डॉगी को राखी बांधना भी भारतीय संस्कारों के खिलाफ लगा। इन सभी चीजों को लेकर कृति और जूलरी ब्रांड को सोशल मीडिया पर खूब खरी-खोटी सुनाई गई। (एजेंसी)

 

About The Author