Sat. Aug 8th, 2026

‘बीजेपी का खेल खत्म, अब कांग्रेस की बारी!’ संगठन में फेरबदल से लेकर दिल्ली की सियासत तक; जानिए क्या कह गए PC शर्मा

भोपाल। दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेताओं की बैठकों और अंदरूनी मंथन को लेकर पूर्व मंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पीसी शर्मा ने सत्ता पक्ष पर करारा प्रहार किया है। पीसी शर्मा ने बीजेपी पर तंज कसते हुए दावा किया कि प्रदेश में सरकार के खिलाफ सत्ता विरोधी लहर का माहौल है और इसी बौखलाहट में नेता दिल्ली के चक्कर काट रहे हैं।

मुख्यमंत्री बनने का सपना देख रहे- पीसी शर्मा

पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने तंज कसते हुए कहा कि जो-जो नेता मुख्यमंत्री बनने के सपने देख रहे हैं, वही इन दिनों दिल्ली में हाजिरी लगा रहे हैं। जो नेता खुद अपना बूथ तक नहीं जीत सके, वे भी दिल्ली में बैठकर मंथन कर रहे हैं। अब राज्य में बीजेपी के पास न कोई रणनीति बची है और न ही जनता को देने के लिए जवाब। पीसी शर्मा ने आगे दावा किया कि प्रदेश में बीजेपी का खेल अब खत्म हो चुका है और अगली बारी सीधे कांग्रेस की है।

कांग्रेस संगठन में फेरबदल और जिलाध्यक्षों पर कही यह बात

प्रदेश कांग्रेस में जिलाध्यक्षों के बदलाव और सांगठनिक फेरबदल की जारी चर्चाओं पर पीसी शर्मा ने स्थिति साफ की। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए भोपाल से लेकर दिल्ली स्तर पर कड़क मॉनिटरिंग हुई है और शीर्ष नेतृत्व का गहन मंथन पूरा हो चुका है। उन्होंने वर्तमान जिलाध्यक्षों के कामकाज की तारीफ करते हुए कहा कि आने वाले नतीजों से यह पूरी तरह साफ हो जाएगा कि किसे क्या जिम्मेदारी मिलने जा रही है।

About The Author