फरीदाबाद की टीचर मर्डर केस में सनकी कातिल की खौफनाक कहानी, एकतरफा इश्क ने ली जान
फरीदाबाद: सोमवार को फरीदाबाद के एक स्कूल परिसर में एक महिला शिक्षिका की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। 32 सेकंड के भीतर उन पर 34 बार वार किए गए। 26 साल की महिला टीचर ने तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। यह हत्या अचानक नहीं हुई, बल्कि एक सुनियोजित साजिश थी। जानिए हत्या किसने की और क्यों। हत्या के पीछे क्या मकसद था, वह व्यक्ति स्कूल में कैसे घुसा, और पूरी जानकारी विस्तार से जानिए।
दो साल से संध्या का पीछा कर रहा था
हत्यारा करीब दो साल से महिला शिक्षिका का पीछा कर रहा था। आखिरकार वह अपने मंसूबों में कामयाब हो गया। शिक्षिका के परिवार के अनुसार, आरोपी करीब दो साल से उनका पीछा कर रहा था। इसी साल की शुरुआत में, उसने कथित तौर पर संध्या को उसके घर से अगवा कर लिया और उसके पति पर हमला किया। पपरिवार ने दूर रहने की चेतावनी दी फिर भी वह नहीं माना और टीचर को परेशान कर रहा था। संध्या ने आरोपी अमित से बात तक नहीं करती थी। उसने पीछा करने के लिए उसके खिलाफ मामला दर्ज करने की धमकी भी दी थी।
शादीशुदा संध्या से शादी करने की जिद पर अड़ा था
परिवार के मुताबिक, अमित उसे बार-बार फोन करता था। इससे तंग आकर संध्या के पति ने एक साल पहले उसका मोबाइल फोन तोड़ दिया था। लेकिन अमित ने फिर भी संध्या से शादी करने की उम्मीद नहीं छोड़ी। वह शिक्षिका से शादी करना चाहता था, जबकि उसे पता था कि संध्या पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं।
एकतरफा इश्क में ली टीचर की जान
प्रेम के जुनून में वह इस कदर डूब गया था कि चाकू लेकर वह उस महिला के स्कूल पहुंच गया। उसने फरीदाबाद निवासी संध्या की इतनी दर्दनाक हत्या की कि वीडियो देखने वालों के रोंगटे खड़े हो जाएंगे। 3 अगस्त की सुबह संध्या हमेशा की तरह सिकरौना स्थित सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल पहुंची। उसे जरा भी अंदाजा नहीं था कि कोई उसकी जान ले सकता है।
स्कूल पहुंचकर संध्या को बाहर बुलाया
उसी सुबह विक्की नाम का शख्स साढ़े नौ बजे स्कूल पहुंचकर एक टीचर से बोला कि मैम को बुला दीजिए कुछ बात करनी है। विक्की टीचर संध्या के पति का नाम है तो शख्स की बात पर यकीन कर उन्होंने संध्या को बुला दिया। उसके मुंह पर साफा बांधा था लेकिन किसी को शक नहीं हुआ। क्यों कि कई लोग धूल मिट्टी से बचने के लिए मुंह पर कपड़ा बांध लेते हैं।
वह एक मिनट पैंतालीस सेकंड तक बरामदे में इधर-उधर चक्कर लगाता रहा। तभी संध्या दरवाजे पर दिखाई दी। उसने उसे बाहर आने का इशारा किया। शायद संध्या ने उसे पहचान लिया था, इसलिए वह नहीं आई। लेकिन उस आदमी ने उसे जबरदस्ती खींच लिया, अपने दाहिने हाथ से चाकू निकाला और उस पर बार-बार वार करने लगा। संध्या बचने की कोशिश में जमीन पर गिर पड़ी।
32 सेकेंड में 34 बार चाकू से वार
उस सनकी ने अगले बत्तीस सेकंड तक लगातार उस पर चाकू से वार किया। शिक्षिका की चीखें सुनकर प्रिंसिपल बाहर आए, लेकिन हमलावर ने उन्हें डरा दिया। हत्यारे का उन्माद देखकर वे पीछे हट गए। स्टाफ के सदस्य संध्या को तुरंत अस्पताल ले गए। उस सनकी प्रेमी की पहचान 21 वर्षीय अमित के रूप में हुई है। पुलिस ने संध्या के पति की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
कैसे हुई संध्या और अमित की पहली मुलाकात?
पूछताछ के दौरान पता चला कि संध्या लगभग दो साल पहले अमित के ही गांव के एक निजी स्कूल में पढ़ाती थी। दोनों की मुलाकात उसी दौरान हुई थी। अमित को संध्या से प्यार हो गया, लेकिन संध्या उससे पीछा छुड़ाना चाहती थी। बार-बार चेतावनी देने के बावजूद अमित उसका पीछा करता रहा। संध्या ने उसे धमकी भी दी कि अगर वह नहीं रुका तो वह उस पर मुकदमा कर देगी। उसने अमित से पूरी तरह से संपर्क तोड़ दिया था। ये बात अमित बर्दाश्त नहीं कर पा रहा था। बस तभी उसने तय कर लिया कि वह संध्या का कत्ल कर देगा। इसी इरादे से वह 3 अगस्त को जेब में चाकू रखकर स्कूल पहुंचा और उसे चाकू से गोद दिया।
स्कूल में सुरक्षा के इंतजामों पर सवाल
खबरों के मुताबिक, संध्या ने कुछ समय पहले आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि, आरोपी ने सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली थी और दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था। इसके बावजूद, अमित को अपने किए पर कोई पछतावा नहीं था और वह मौका मिलते ही संध्या को परेशान करता रहा। केस करने की धमकी मिलने पर उसने मन में रंजिश ठान ली। फरीदाबाद में हुई इस वारदात ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। वहीं स्कूलों के अंदर सुरक्षा के इंतजामों पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। (एजेंसी)

