पेपर लीक पर आधी रात PM Modi का बड़ा ऐलान, गुनहगारों को सख्त सजा देने के लिए बिल लाएगी सरकार
PM Modi on NEET Paper Leak: देश भर में प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने की घटनाओं और लाखों छात्रों के आक्रोश के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार देर रात 11 बजकर 52 मिनट पर एक वीडियो संदेश जारी किया। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को साफ चेतावनी दी और स्पष्ट किया कि सरकार इस मुद्दे पर बेहद गंभीर है तथा दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
प्रधानमंत्री ने बताया कि देर रात ही अधिकारियों और विभागों ने फास्ट ट्रैक कोर्ट और सख्त सजा के प्रावधानों वाला मसौदा (Draft) तैयार कर उन्हें सौंप दिया है। आइए 5 प्रमुख पॉइंट में समझते हैं कि पीएम मोदी ने देर रात जारी अपने वीडियो संदेश में क्या-क्या कहा:
1. लाखों विद्यार्थियों और अभिभावकों की पीड़ा समझता हूँ
पीएम मोदी ने कहा, “मैं अच्छी तरह जानता हूँ कि पेपर लीक कोई मामूली विषय नहीं है। यह देश के लाखों विद्यार्थियों और उनके माता-पिता के लिए बेहद पीड़ादायक है।” उन्होंने बताया कि इस समस्या से निपटने के लिए पिछले ढाई महीनों में कई कानूनी कदम उठाए गए हैं और कई गुनहगारों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
2. 22 लाख छात्रों का साल बचाना प्राथमिकता थी
प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार का पहला लक्ष्य यह था कि छात्रों का एक पूरा साल बर्बाद न हो। इसलिए सरकार ने अपनी पूरी ताकत लगाकर कम से कम समय में 22 लाख विद्यार्थियों की परीक्षा दोबारा कराई और महज 5-6 दिन पहले (19 तारीख को) इसका परिणाम भी जारी कर दिया गया।
3. नतीजों से खुशी, पर इतने पर संतोष नहीं
पीएम ने कहा कि परीक्षा परिणाम आने के बाद देश भर से सफल छात्रों की खुशियों की खबरें आ रही हैं। हालांकि, सरकार सिर्फ इतने से संतोष मानने वाली नहीं है। व्यवस्था को पूरी तरह से दुरुस्त करने और न्याय सुनिश्चित करने के लिए विभागों को तत्काल सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
4. फास्ट ट्रैक कोर्ट और कठोर सजा के लिए कैबिनेट बैठक में चर्चा
पीएम मोदी के निर्देश पर देर रात विभागों ने फास्ट ट्रैक कोर्ट और सख्त सजा के प्रावधानों वाला कानून का मसौदा तैयार करके उन्हें सौंपा। पीएम ने बताया कि इस मसौदे पर शुक्रवार को केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में विस्तृत चर्चा की जाएगी और कैबिनेट सहयोगियों के सुझावों के बाद इसे अंतिम रूप दिया जाएगा।
5. संसद के आगामी सत्र में पारित कराने का प्रयास
प्रधानमंत्री ने अंत में कहा कि सोमवार से संसद के सत्र का दूसरा सप्ताह शुरू हो रहा है। सरकार की कोशिश रहेगी कि इस सख्त विधेयक (Bill) को जल्द से जल्द संसद के दोनों सदनों में पेश कर पारित कराया जाए, ताकि छात्रों को त्वरित न्याय मिल सके।
More strict actions against paper leaks to come in tomorrow’s Cabinet! pic.twitter.com/NRysBukk5U
— Narendra Modi (@narendramodi) July 23, 2026

