Fri. Oct 23rd, 2026

Anti-Suicide Fans: गुजरात में अनूठी पहल! सूरत यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में लगाए गए 354 एंटी-सुसाइड पंखे, 10 किलो वजन पड़ते ही नीचे आ जाएगा फैन

Anti-Suicide Fans: देश भर के शैक्षणिक संस्थानों में छात्रों द्वारा आत्महत्या के बढ़ते मामलों को रोकने के लिए गुजरात के सूरत से एक बड़ी और प्रेरणादायक खबर सामने आई है। राज्य में अपनी तरह की पहली पहल करते हुए वीर नर्साद साउथ गुजरात यूनिवर्सिटी (VNSGU) ने अपने हॉस्टल के कमरों में 354 स्प्रिंग-लोडिंग एंटी-सुसाइड पंखे (Anti-Suicide Fans) इंस्टॉल किए हैं। इस आधुनिक तकनीक का मुख्य उद्देश्य छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और मानसिक तनाव के बीच किसी भी अनहोनी को रोकना है।

कैसे काम करता है यह एंटी-सुसाइड पंखा?

यूनिवर्सिटी के कुलपति (Vice-Chancellor) डॉ. किशोरसिंह चावड़ा ने इस पंखे की कार्यप्रणाली का लाइव प्रदर्शन करके दिखाया। उन्होंने बताया कि इस विशेष पंखे में एक स्प्रिंग-लोडेड मैकेनिज्म होता है। यदि पंखे पर 10 किलोग्राम से अधिक का वजन पड़ता है, तो उसका स्प्रिंग तुरंत रिलीज हो जाता है, बिजली का कनेक्शन स्वतः कट जाता है और पंखा नीचे की ओर लटक जाता है। इस तकनीकी विशेषता के कारण पंखा किसी भी भारी वजन या दबाव को सहन नहीं कर पाता, जिससे फंदा लगाने जैसी घटनाओं को पूरी तरह रोका जा सकता है। प्रत्येक पंखे की कीमत लगभग 1,500 रुपये है।

अन्य संस्थानों के लिए बना मिसाल

अकादमिक दबाव, करियर की चिंता और मानसिक तनाव के चलते युवाओं में बढ़ते सुसाइड रेट के दौर में VNSGU की यह पहल एक बड़ा मॉडल बनकर सामने आई है। यूनिवर्सिटी के अधिकारियों का मानना है कि घर से दूर हॉस्टल में रहने वाले छात्रों के लिए यह एक सुरक्षित माहौल तैयार करने की दिशा में एक अहम कदम है। इस सफल प्रयोग के बाद अब उम्मीद जताई जा रही है कि गुजरात के अन्य सरकारी और निजी विश्वविद्यालयों के साथ-साथ मेडिकल व इंजीनियरिंग कॉलेजों के हॉस्टल भी इस तरह के एंटी-सुसाइड फैंस को जल्द अपनाएंगे।

About The Author

इन्हें भी पढ़े