Fri. Jul 24th, 2026

CJP का देशव्यापी प्रदर्शन जारी: धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर आज सरकार से अहम बैठक

जंतर-मंतर पर 35वें दिन भी CJP का प्रदर्शन जारी है। आज दोपहर 12:30 बजे संविधान क्लब में केंद्र सरकार और CJP प्रतिनिधियों के बीच अहम बैठक होगी।

 

CJP Nationwide Protest Live: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का आंदोलन लगातार 35वें दिन भी जारी है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी शांतिपूर्ण धरने पर बैठे हैं। इसी बीच आज दोपहर 12:30 बजे संविधान क्लब ऑफ इंडिया में CJP प्रतिनिधियों और केंद्र सरकार के मंत्रियों के बीच अहम बैठक प्रस्तावित है।

 

बैठक से पहले CJP ने साफ कर दिया है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा उनकी प्रमुख और गैर-समझौतावादी मांग है। पार्टी का कहना है कि जब तक यह मांग पूरी नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

 

इस बीच सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने सरकार की ओर से बातचीत का आश्वासन मिलने के बाद 26 दिनों से चल रही अपनी भूख हड़ताल समाप्त कर दी है। हालांकि CJP ने स्पष्ट किया है कि वांगचुक के अनशन समाप्त करने के बावजूद जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

 

CJP ने शुक्रवार को देशव्यापी प्रदर्शन का भी आह्वान किया है। दिल्ली के अलावा जयपुर समेत कई शहरों में समर्थक प्रदर्शन के लिए जुटने लगे हैं। राजस्थान की राजधानी जयपुर के जवाहर सर्किल पर सुबह से ही प्रदर्शनकारियों की भीड़ दिखाई देने लगी।

 

इससे पहले 20 जुलाई को केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने CJP के प्रतिनिधियों से मुलाकात की थी। सरकार का दावा है कि उसने चार बार बातचीत के लिए CJP को आमंत्रित किया था, लेकिन प्रतिनिधि नहीं पहुंचे। वहीं CJP का कहना है कि वह किसी राजनीतिक आवास पर नहीं बल्कि निष्पक्ष स्थान पर बातचीत चाहता था। इसी मांग के बाद संविधान क्लब ऑफ इंडिया को बैठक के लिए चुना गया है।

 

CJP के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि सरकार के साथ होने वाली बैठक में पार्टी अपनी सभी मांगें मजबूती से रखेगी। वहीं CJP प्रमुख अभिजीत दीपके ने दोहराया कि धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक आंदोलन समाप्त नहीं होगा। उन्होंने कहा कि सोनम वांगचुक के अनशन समाप्त करने से राहत जरूर मिली है, लेकिन आंदोलन अपने लक्ष्य तक जारी रहेगा।

 

प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने सुरक्षा कारणों से राजधानी के 17 मेट्रो स्टेशनों को अगली सूचना तक बंद रखने का फैसला किया है। बंद किए गए स्टेशनों में लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम और झंडेवालान शामिल हैं।

 

About The Author