सलीम राज का WhatsApp हैक, ठगों ने मांगे परिचितों से पैसे, बोले- ‘मेरे नाम से मैसेज पर न करें भरोसा’
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज का व्हाट्सएप अकाउंट हैक (WhatsApp account hacked) होने का मामला सामने आया है। अज्ञात साइबर ठग (Cyber fraudster) ने उनके मोबाइल नंबर से संचालित व्हाट्सएप अकाउंट को हैक कर लिया है और उनके परिचितों को मैसेज भेजकर पैसों की मांग कर रहा है।
डॉ. सलीम राज की लोगों से अपील
मामले की जानकारी सामने आने के बाद डॉ. सलीम राज (Dr. Salim Raj) ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। डॉ. सलीम राज ने कहा कि मेरा व्हाट्सएप अकाउंट हैक हो गया है और मेरे नाम से कुछ लोगों से रुपये की मांग की जा रही है। कृपया ऐसे किसी भी संदेश या अनुरोध पर विश्वास न करें और कोई भुगतान न करें।
साइबर ठग अब प्रभावशाली लोगों के सोशल मीडिया और मैसेजिंग अकाउंट हैक कर उनके संपर्कों को निशाना बना रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी व्यक्ति के नाम से पैसे मांगने वाला मैसेज मिलने पर पहले फोन कर पुष्टि जरूर करनी चाहिए।

व्हाट्सएप अकाउंट हैक होने पर क्या करें?
साइबर विशेषज्ञों के अनुसार, यदि किसी व्यक्ति का व्हाट्सएप अकाउंट हैक हो जाए तो सबसे पहले संबंधित मोबाइल नंबर पर दोबारा लॉगिन करने का प्रयास करें। इसके लिए व्हाट्सएप ओटीपी के माध्यम से अकाउंट को रिकवर किया जा सकता है।
यदि टू-स्टेप वेरिफिकेशन सक्रिय है तो अतिरिक्त सुरक्षा मिलती है। सबसे पहले अपने फोन से व्हाट्सएप को अनइंस्टॉल कर दें और फिर से गूगल प्ले स्टोर या ऐप स्टोर से ऐप को इंस्टॉल करें।
इसके अलावा तुरंत अपने परिचितों और संपर्कों को सूचना दें कि आपके नाम से भेजे जा रहे किसी भी पैसे मांगने वाले संदेश पर भरोसा न करें। साथ ही व्हाट्सएप सपोर्ट को ईमेल के माध्यम से शिकायत करें और राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
फिलहाल डॉ. सलीम राज का व्हाट्सएप अकाउंट रिकवर करने की कोशिश की जा रही है।

