Sun. Jun 14th, 2026

योग के साथ अब UPSC की तैयारी! रामदेव ने पतंजलि IAS एकेडमी का किया ऐलान, अवध ओझा संभालेंगे कमान

Patanjali IAS Academy

हरिद्वार। योग गुरु रामदेव के मार्गदर्शन में चल रहे पतंजलि समूह ने अब सिविल सर्विस कोचिंग के क्षेत्र में कदम रखने का फैसला किया है। रामदेव ने शनिवार को ‘पतंजलि IAS एकेडमी’ की घोषणा की। इस अकादमी की कमान जाने-माने कोच और मोटिवेशनल स्पीकर अवध ओझा को सौंपी गई है ।

 

हरिद्वार के पास स्थित पतंजलि योगपीठ के विशाल परिसर में यह अकादमी संचालित होगी । रामदेव के अनुसार, अकादमी का मुख्य उद्देश्य “मजबूत मूल्य प्रणाली” वाले सैकड़ों IAS और IPS अधिकारी तैयार करना है, जो समाज और देश के विकास में सकारात्मक योगदान दे सकें ।

 

दिल्ली की कोचिंग पर नहीं रहेंगे निर्भर

रामदेव ने दिल्ली समेत अन्य शहरों के कोचिंग सेंटरों पर निशाना साधते हुए कहा कि वहां प्रशिक्षण के बाद भी कई छात्र परीक्षा पास नहीं कर पाते और अक्सर दिशाहीन हो जाते हैं। उनका कहना है कि पतंजलि IAS अकादमी के छात्र अपने परिवार और देश का नाम रोशन करेंगे ।

 

अवध ओझा ने कहा कि यह अकादमी पारंपरिक कोचिंग संस्थानों से बिल्कुल अलग होगी। हरिद्वार का शांत और सकारात्मक वातावरण छात्रों में डिप्रेशन और एंग्जायटी को कम करने में मदद करेगा । उन्होंने यह भी बताया कि अकादमी में दिल्ली के सबसे अच्छे कोचिंग सेंटरों जैसी फैकल्टी होगी ।

 

पतंजलि समूह का विस्तार और फीस की जानकारी

पतंजलि समूह ने पिछले कुछ वर्षों में कई क्षेत्रों में अपना विस्तार किया है। इसका FMCG कारोबार चर्चा में रहा है और मार्च 2026 में समाप्त वित्तीय वर्ष में इसका टर्नओवर लगभग 40,000 करोड़ रुपये रहा । FMCG के अलावा, समूह ने 2017 में निजी सुरक्षा क्षेत्र और 2018 में कपड़ों के बाजार में भी कदम रखा था।

 

अकादमी की फीस की बात करें तो रामदेव ने बताया कि पतंजलि विश्वविद्यालय में पहले से पंजीकृत छात्रों के लिए यह 1 लाख रुपये से कम होगी। वहीं बाहरी छात्रों को लगभग 2.5 लाख रुपये फीस देनी होगी। इसके अलावा, मेधावी छात्रों को 80 से 100 प्रतिशत तक की स्कॉलरशिप भी दी जाएगी ।

 

उद्योग के अनुमानों के अनुसार, भारत में सिविल सर्विस कोचिंग बाजार लगभग 3,000 से 4,000 करोड़ रुपये का है ।

 

About The Author

इन्हें भी पढ़े