रायपुर में आज शाम पानी सप्लाई रहेगी बंद, 42 इलाकों के लोगों को होगी परेशानी
Raipur Water Crisis: गुरुवार शाम को राजधानी के कई इलाकों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित रहेगी। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी द्वारा रावणभाठा उपकेंद्र में 33 केवी फीडर के संधारण कार्य के चलते नगर निगम के 80 एमएलडी, न्यू 80 एमएलडी और 150 एमएलडी फिल्टर प्लांटों का संचालन बंद रहेगा। इसके परिणामस्वरूप, इन संयंत्रों से जुड़े 42 टैंकों से शाम की जल आपूर्ति बाधित होगी। निगम के अनुसार रावणभाठा उपकेंद्र में 33 केवी लाइन के 10 पोल स्ट्रक्चर के बीच डाली गई भूमिगत केबल को मुख्य लाइन से जोड़ने का कार्य किया जाएगा। इसके चलते 11 जून को इंटेकवेल और फिल्टर प्लांट बंद रहेंगे, जिससे जल उत्पादन प्रभावित होगा।

इन क्षेत्रों में नहीं होगी शाम की जलापूर्ति
डंगनिया, ईदगाहभाठा, गंज, गुढ़ियारी, न्यू राजेंद्र नगर, श्याम नगर, तेलीबांधा, शंकर नगर, खमतराई, भनपुरी, भाठागांव, चंगोराभाठा, कुशालपुर, डीडी नगर, सरोना, टाटीबंध, कोटा, कबीर नगर, जरवाय, गोगांव, मठपुरैना, लालपुर, अमलीडीह, अवंति विहार, मंडी, मोवा, सड्डू, बोरियाकला क्षेत्र, रामनगर, कचना, आमासिवनी, देवपुरी, मोतीबाग, बोरियाखुर्द, जोरा, रायपुरा, कुकुरबेड़ा, बैरन बाजार (नया), देवेंद्र नगर (नया) और संजय नगर ओवरहेड टैंक से जुड़े क्षेत्रों में गुरुवार की शाम पानी की सप्लाई बंद रहेगी।
12 जून से सामान्य होगी व्यवस्था
निगम ने बताया कि 11 जून की सुबह तय समय पर पानी की आपूर्ति फिर से शुरू हो जाएगी, लेकिन शाम को पानी की आपूर्ति नहीं होगी। 12 जून की सुबह से नियमित पानी की आपूर्ति फिर से शुरू हो जाएगी। निगम ने नागरिकों से आवश्यकतानुसार पानी का स्टॉक करने की अपील की है। हालांकि, शहर के अन्य जलागारों और बिजली पंपों से पानी की आपूर्ति पहले की तरह जारी रहेगी।
इसलिए बंद हुई सप्लाई
बिजली कंपनी ने रावणभाटा उपकेंद्र में 33 केवी के 10-पोल स्ट्रक्चर के बीच भूमिगत केबल बिछाई है। इस केबल को मुख्य लाइन से जोड़ने के लिए आज 33 केवी इंटेकवेल और फिल्टर प्लांट की बिजली सप्लाई बंद की गई है। इससे तीनों प्रमुख जल शोधन संयंत्रों का संचालन प्रभावित हुआ है।
बाकी इलाकों में सप्लाई सामान्य
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि इन जलागारों से जुड़े क्षेत्रों को छोड़कर, शहर में अन्य ओवरहेड टैंकों और बिजली पंपों से पानी की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी रहेगी। निगम ने प्रभावित क्षेत्रों के लोगों से पानी का उपयोग सोच-समझकर करने और आवश्यक मात्रा में पानी सुरक्षित रखने की अपील की है।(एजेंसी)

