Wed. Jun 10th, 2026

‘पीएम मोदी ने जो किया वह ज्यादा मुश्किल है’, नेहरू से तुलना पर राघव चड्ढा का रिएक्शन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 4,399 दिन पूरे कर जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा, राघव चड्ढा ने इसे भारतीय लोकतंत्र का ऐतिहासिक क्षण बताया

 

 

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में लगातार 12 वर्षों से अधिक का कार्यकाल पूरा करते हुए देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है। 10 जून 2026 को प्रधानमंत्री मोदी ने लगातार 4,399 दिन पूरे कर भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने का नया इतिहास रच दिया।

 

इस उपलब्धि पर राजनीतिक हलकों में प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने इसे भारतीय लोकतंत्र के लिए ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि आज इतिहास रचा गया है। उन्होंने कहा कि भारत जैसा विशाल और विविधतापूर्ण देश, जहां 140 करोड़ से अधिक लोग, 22 अनुसूचित भाषाएं, सैकड़ों बोलियां और विभिन्न धर्म एवं समुदाय मौजूद हैं, वहां लगातार तीन बार एक ही नेतृत्व को जनादेश मिलना लोकतंत्र में जनता के असाधारण विश्वास का प्रतीक है।

 

राघव चड्ढा ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, जहां करीब 98 करोड़ मतदाता हैं और चुनावी प्रक्रिया दुनिया की सबसे जटिल लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं में से एक मानी जाती है। ऐसे देश में 2014, 2019 और 2024 में लगातार एक ही नेतृत्व को जनता का समर्थन मिलना एक बड़ी उपलब्धि है।

 

उन्होंने पंडित जवाहरलाल नेहरू और प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल की परिस्थितियों की तुलना करते हुए कहा कि नेहरू को स्वतंत्रता के बाद के शुरुआती दौर में जनादेश मिला था, जब कांग्रेस की स्थिति बेहद मजबूत थी और विपक्ष अपेक्षाकृत कमजोर था। जबकि प्रधानमंत्री मोदी को गठबंधन राजनीति, मजबूत क्षेत्रीय दलों और कड़ी राजनीतिक प्रतिस्पर्धा वाले दौर में जनता का समर्थन मिला है।

 

राघव चड्ढा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 2014 और 2019 में भारतीय जनता पार्टी को पूर्ण बहुमत दिलाया, जो 1984 के बाद पहली बार हुआ जब किसी एक दल को लगातार स्पष्ट बहुमत प्राप्त हुआ। वहीं 2024 में उन्होंने एक विजयी गठबंधन का नेतृत्व किया।

 

उन्होंने कहा कि इतने बड़े और विविधतापूर्ण देश में बार-बार जनता का भरोसा जीतना एक असाधारण राजनीतिक उपलब्धि है। इस अवसर पर उन्होंने भारतीय मतदाताओं की समझदारी को नमन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अथक समर्पण की सराहना की और उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की।

 

 

About The Author