मेलोनी को मेलोडी टॉफी गिफ्ट करने पर राहुल गांधी का पीएम मोदी पर हमला, बोले- यह नेतृत्व नहीं नौटंकी है
इटली दौरे के दौरान पीएम मोदी और जॉर्जिया मेलोनी का मेलोडी टॉफी वाला वीडियो वायरल होने के बाद राहुल गांधी ने आर्थिक मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा।
कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi ने प्रधानमंत्री Narendra Modi पर इटली की प्रधानमंत्री Giorgia Meloni को मेलोडी टॉफी गिफ्ट करने को लेकर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने इस पूरे घटनाक्रम को नेतृत्व नहीं बल्कि “नौटंकी” करार दिया।
Thank you for the gift pic.twitter.com/7ePxbJwPbA
— Giorgia Meloni (@GiorgiaMeloni) May 20, 2026
दरअसल, इटली दौरे के दौरान जॉर्जिया मेलोनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी उन्हें मेलोडी टॉफी का पैकेट गिफ्ट करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में मेलोनी कहती हैं कि प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें बहुत अच्छा गिफ्ट दिया है। इसके बाद दोनों नेता “मेलोडी” बोलते हुए हंसते दिखाई देते हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
इस वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया, “आर्थिक तूफान सिर पर है और हमारे प्रधानमंत्री इटली में टॉफी बांट रहे हैं। किसान, युवा, महिलाएं, मजदूर और छोटे व्यापारी सब रो रहे हैं, जबकि पीएम हंसकर रील बना रहे हैं और भाजपा वाले ताली बजा रहे हैं। यह नेतृत्व नहीं, नौटंकी है।”

राहुल गांधी ने आगे कहा कि पिछले कुछ महीनों में देश की सुरक्षा और अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए जरूरी कदम उठाए जाने चाहिए थे, लेकिन सरकार गंभीर मुद्दों से ध्यान भटका रही है। उन्होंने महंगाई, पेट्रोल-डीजल की कीमतों, किसानों की परेशानियों और रोजगार जैसे मुद्दों को लेकर भी केंद्र सरकार पर हमला बोला।
वहीं प्रधानमंत्री मोदी इन दिनों पांच देशों की यात्रा पर हैं। संयुक्त अरब अमीरात, नीदरलैंड, स्वीडन और नॉर्वे के बाद वे इटली पहुंचे, जहां दोनों देशों के बीच व्यापार, रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा और तकनीक के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।
इटली में पीएम मोदी और जॉर्जिया मेलोनी की मुलाकात पहले भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय रही है। G20 और G7 जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर दोनों नेताओं की दोस्ताना तस्वीरें और वीडियो अक्सर वायरल होते रहे हैं।

