Wed. Oct 28th, 2026

“मैं फख्र से कहता हूं, मैं दिमागी नक्सल हूं”: Naseeruddin Shah का सरकार पर सीधा हमला, बोले- ‘असला टुकड़े-टुकड़े गैंग तो यह नाजायज हुकूमत है’

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता Naseeruddin Shah ने एक बार फिर केंद्र सरकार और उसकी नीतियों के खिलाफ तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया पर सामने आए अपने एक वीडियो संदेश में उन्होंने छात्रों के जारी आंदोलन का समर्थन करते हुए खुद को गर्व से ‘दिमागी नक्सल’ करार दिया। नसीरुद्दीन शाह ने कहा कि उन्हें और उनके जैसी सोच रखने वाले लोगों को एंटी-नेशनल और ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ जैसे न जाने कितने नाम दिए गए हैं। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि अगर इस देश में वास्तव में कोई ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ है, तो वह यह मौजूदा हुकूमत है।

छात्रों के दमन और शिक्षा संस्थानों पर बोला हमला

आंदोलनकारी छात्रों के हक में आवाज उठाते हुए नसीरुद्दीन शाह ने तीखे सवाल दागे। उन्होंने कहा कि देश के नौजवानों की हिम्मत तोड़ने, लोकतांत्रिक ढांचे को खतरे में डालने और शिक्षा संस्थानों को बर्बाद करने के लिए सरकार किसी भी हद तक जा रही है। उन्होंने जेएनयू (JNU), सत्यजीत रे फिल्म इंस्टीट्यूट और जामिया मिलिया इस्लामिया जैसे प्रमुख संस्थानों का जिक्र करते हुए कहा कि छात्रों पर किए जा रहे अत्याचारों को हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने सरकार और उसके आईटी सेल को चुनौती देते हुए कहा कि वे अपनी पूरी ताकत लगा लें, लेकिन न तो देश के युवाओं का हौसला डिगेगा और न ही लोकतंत्र खत्म होगा।

छात्र आंदोलन और अन्य मुद्दों पर जताई चिंता

Naseeruddin Shah ने इस बात पर भी चिंता जताई कि अलग-अलग राजनीतिक विचारधारा रखने वाले लोगों, विशेषकर युवा फिल्म निर्माताओं और कलाकारों को डराने-धमकाने और ब्रेनवॉश करने की कोशिशें की जा रही हैं। गौरतलब है कि दिल्ली में विश्वविद्यालय के छात्र, छात्र संघ की बहाली और चुनाव की मांग को लेकर 12 अक्टूबर से लगातार आंदोलन और भूख हड़ताल पर बैठे हुए हैं। कई दौर की वार्ताओं के बावजूद छात्र औपचारिक अधिसूचना और चुनाव की स्पष्ट समय-सीमा पर अड़े हैं। इस पूरे घटनाक्रम के बीच नसीरुद्दीन शाह के खुले समर्थन ने इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर फिर से गर्मा दिया है।

About The Author

इन्हें भी पढ़े