सोनम वांगचुक के समर्थन में उतरीं जीनत अमान, 17 दिन की भूख हड़ताल पर जताई चिंता
Zeenat Aman Supports Sonam Wangchuk: लद्दाख के एक्टिविस्ट, इंजीनियर, शिक्षा सुधारक और क्लाइमेट एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल कर रहे हैं। एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री की एक्ट्रेस जीनत अमान अब उनके समर्थन में आगे आई हैं। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए सुझाव दिया है कि सरकार उनसे बातचीत करे।
जीनत अमान ने सोनम वांगचुक की एक फोटो शेयर करते हुए लिखा, “आज मेरी सोच देश की राजधानी दिल्ली के साथ है, जहां सोनम वांगचुक जी पिछले 17 दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं। मैंने एक न्यूज़ रिपोर्ट में पढ़ा कि वांगचुक जी का शरीर धीरे-धीरे कमजोर हो रहा है और वे बहुत तकलीफ में हैं। जब उनसे अनशन खत्म करने के लिए कहा गया, तो उन्होंने जवाब दिया, ‘मुझसे अनशन खत्म करने के लिए मत कहिए, सरकार से पूछिए कि वह बातचीत क्यों नहीं कर रही है।'”
फिल्म 3 इडियट्स का लोकप्रिय किरदार फुनसुख वांगड़ू इनसे ही प्रेरित
एक्ट्रेस ने लिखा, “सोनम वांगचुक SECMOL (स्टूडेंट्स एजुकेशनल एंड कल्चरल मूवमेंट ऑफ लद्दाख) के फाउंडर हैं। उन्होंने ‘आइस स्तूप’ जैसी अनोखी तकनीकें विकसित की हैं, लद्दाख में शिक्षा में सुधार के लिए अहम काम किया है और अपना जीवन पर्यावरण और समाज की सेवा में समर्पित किया है। फिल्म 3 इडियट्स में आमिर खान का निभाया किरदार ‘फुंसुक वांगडू’ उन्हीं से प्रेरित था। समाज में उनके योगदान के लिए उन्हें भारत और विदेशों में कई सम्मान और पुरस्कार भी मिले हैं।”

जीनत अमान ने सरकार से किया है अनुरोध
एक्ट्रेस जीनत अमान ने भारत सरकार से अपील करते हुए लिखा, “मैं सरकार से अनुरोध करती हूं कि वह इस अहम मुद्दे पर सोनम वांगचुक से बात करे, यह सिर्फ लद्दाख का मुद्दा नहीं है, बल्कि पूरे देश के भविष्य से जुड़ा मामला है।”
जीनत बोलीं- हमें ऐसा समाज नहीं बनना चाहिए
उन्होंने लिखा, “हमें ऐसा समाज नहीं बनना चाहिए जो हमारे देश के एक महान और ईमानदार व्यक्ति को चुपचाप कष्ट सहते हुए देखे। भारत में हमेशा से शांतिपूर्ण विरोध की परंपरा रही है, और सरकार की यह जिम्मेदारी है कि वह ऐसे शांतिपूर्ण आंदोलन का जवाब बातचीत और समझदारी से दे। श्री सोनम वांगचुक और उनसे जुड़े सभी लोगों के प्रति मेरा सम्मान।”
बॉलीवुड के अन्य सितारों का भी मिला साथ
जीनत अमान के अलावा फिल्म जगत की अन्य हस्तियों ने भी सोनम वांगचुक का समर्थन किया है। अभय देओल ने विरोध स्थल से सोनम वांगचुक की तस्वीर साझा करते हुए उनके स्वास्थ्य पर चिंता जताई। (एजेंसी)

