हमलावर के आका कहीं भी हों, छोड़ेंगे नहीं’, टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस पर CM फडणवीस का सख्त संदेश
मुंबई : महाराष्ट्र सरकार बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले को लेकर कड़ा रुख अपनाती दिख रही है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए आश्वासन दिया है कि प्रशासन हमले के मास्टरमाइंड को ढूंढ निकालेगा, चाहे वह कहीं भी छिपा हो। रविवार रात टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले के बाद, देवेंद्र फडणवीस ने अभिनेता को फोन करके उनका हालचाल पूछा। उन्होंने अभिनेता को आश्वासन दिया कि वे उनके साथ खड़े हैं और इस मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अब सोमवार को मीडिया से बात करते हुए सीएम फडणवीस ने दावा किया है कि हमलावर जल्द पकड़े जाएंगे। उन्होंने कहा, ‘ये बहुत सीरियस और निंदनीय मामला है। मुंबई पुलिस ने इसे बहुत गंभीरता से लिया है।

‘मुंबई पुलिस को मिले अहम सुराग- CM फडणवीस
देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि मुंबई पुलिस को हमलावरों के बारे में कुछ सुराग मिले हैं और वे फिलहाल उन पर काम कर रहे हैं। इसके अलावा, कुछ व्यक्तियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
‘हमलावरों के आका छुपकर बैठे हैं
फडनाविस ने आगे कहा, “हम उनके (हमलावरों के) उन हैंडलरों का भी पता लगाएंगे जो छिपकर दूर से संदेश भेज रहे हैं। इनमें से कोई भी व्यक्ति महाराष्ट्र के भीतर से काम नहीं कर रहा है। राज्य के भीतर से काम करने वालों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। ये अपराधी महाराष्ट्र के बाहर से, या यहां तक कि देश के बाहर से काम कर रहे हैं। जिन राज्यों से वे काम करते हैं, उनसे समन्वय स्थापित करके और विदेश से काम करने वालों के संबंध में केंद्र सरकार की मदद से, हम उनका पता लगाएंगे और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे।”महाराष्ट्र सीएम ने कहा कि मैं फिर से कहता हूं कि ये डरपोक लोग हैं। वो अंधेरे में रहकर हमला करने की कोशिश करते हैं, लेकिन उनकी कोशिशों को नाकाम कर दिया जाएगा
विपक्ष के आरोपों पर पलटवार
इस मुद्दे पर विपक्ष के हमलों का जवाब देते हुए फडनाविस ने कहा, “विपक्षी दल सरकार को निशाना बना रहा है। उन्हें आत्मनिरीक्षण करना चाहिए और देखना चाहिए कि ये वही लोग हैं जिनके कार्यकाल में सरकार ने पुलिस का इस्तेमाल हत्याएं करवाने के लिए किया था। वे मनसुख हिरेन की हत्या को भूल चुके हैं।”
तत्कालीन सरकार को निशाना बनाते हुए फडणवीस ने कहा कि उन्होंने तबादलों में धन का गबन किया। उनके मंत्रियों को जेल जाना पड़ा और उनके कार्यकाल में देश के सबसे बड़े उद्योगपति भी सुरक्षित नहीं थे। उनकी पुलिस उनके घरों के नीचे बम लगाती थी। इसलिए, मेरा मानना है कि विपक्ष चाहे कुछ भी कहे, जनता और बॉलीवुड दोनों को मुंबई पुलिस पर भरोसा है। मैंने टाइगर श्रॉफ को आश्वस्त किया है कि चिंता न करें, हम इसके दोषियों को ढूंढकर सजा देंगे। बता दें कि रविवार को फुटबॉल खेलकर लौटते समय एक्टर टाइगर श्रॉफ पर दो अज्ञात हमलावरों ने 5 राउंड फायरिंग कर दी। इस हमले में एक्टर के ड्राइवर को गोली लग गई। वहीं खुद टाइगर भी घायल हो गए। इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है। (एजेंसी)

