Vaibhav Suryavanshi को बीच मैच में मिली ईस्ट जोन की कप्तानी, ईशान किशन के चोटिल होने पर 15 साल के युवा ने संभाली कमान
Vaibhav Suryavanshi Captain: दलीप ट्रॉफी 2026 के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में ईस्ट जोन और सेंट्रल जोन की टीमें आमने-सामने हैं। मैच के पहले दिन ही ईस्ट जोन को एक बड़ा झटका लगा, जब नियमित कप्तान और विकेटकीपर ईशान किशन पारी के 19वें ओवर में दाहिनी कलाई पर गेंद लगने के कारण चोटिल होकर मैदान से बाहर चले गए। उनके जाने के बाद टीम की विकेटकीपिंग कुमार कुशाग्र ने संभाली, जबकि टीम की कमान उपकप्तान और मात्र 15 साल के वैभव सूर्यवंशी के हाथों में सौंप दी गई।
अपने करियर का दूसरा ही दलीप ट्रॉफी और कुल 10वां फर्स्ट-क्लास मैच खेल रहे वैभव सूर्यवंशी के लिए यह ऐतिहासिक पल है, क्योंकि वह पहली बार किसी सीनियर मेंस क्रिकेट टीम की कप्तानी कर रहे हैं। ईशान किशन की चोट के बाद अब वह मैदान पर युवा कप्तान के तौर पर फैसले लेते नजर आ रहे हैं। मुकाबले की बात करें तो ईस्ट जोन ने अपनी प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव करते हुए शाहबाज अहमद की जगह कुनैन कुरैशी को मौका दिया है, और लंच ब्रेक तक सेंट्रल जोन ने 3 विकेट पर 81 रन बना लिए हैं।

