चीख-पुकार में बदला जश्न का माहौल! स्विट्जरलैंड में रेव पार्टी पर ताबड़तोड़ फायरिंग, 1 की मौत; छावनी में तब्दील हुआ शहर
डेस्क। स्विट्जरलैंड के उत्तरी हिस्से में स्थित आरगाउ कैंटन की राजधानी आराउ में रविवार तड़के एक सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। शहर के शाकेन इलाके में आयोजित एक ओपन-एयर रेव पार्टी के दौरान अज्ञात हमलावर ने अचानक अंधाधुंध गोलियां चला दीं। इस अचानक हुए हमले में एक व्यक्ति की मौके पर ही जान चली गई, जबकि पांच अन्य लोग गोली लगने से घायल हो गए हैं। स्थानीय पुलिस के अनुसार, कुछ घायलों की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है। यह वारदात ज्यूरिख से लगभग 46 किलोमीटर दूर आराउ के रेसकोर्स के नजदीक पेश आई।
डांस फ्लोर पर अचानक मची भगदड़
स्थानीय स्विस प्रसारक एसआरएफ (SRF) की रिपोर्ट के मुताबिक यह रेव पार्टी शनिवार रात से शुरू होकर रविवार तड़के तक चलने वाली थी, जिसमें सैकड़ों लोग जुटे थे। संगीत के बीच अचानक गोलियों की आवाज गूंजते ही आयोजन स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में सफल रहा। कैंटन पुलिस ने तुरंत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अलर्ट जारी करते हुए आम लोगों से संबंधित इलाके से दूर रहने की सख्त हिदायत दी।
स्विमिंग पूल और खेल परिसर तक की घेराबंदी
वारदात की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। सुरक्षा बलों ने घुड़दौड़ मैदान, शहर के सार्वजनिक स्विमिंग पूल और आसपास के पूरे खेल परिसर को चारों तरफ से घेरकर सील कर दिया है। शहर के सभी मुख्य रास्तों और चौकियों पर वाहनों की सघन चेकिंग शुरू कर दी गई है। सुरक्षा के मद्देनजर आराउ शहर की सीमाओं के बाहर भी अतिरिक्त पुलिस टुकड़ियों की तैनाती की गई है ताकि आरोपी किसी भी सूरत में बचकर न निकल सके।
हमले का मकसद अब तक पहेली, बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन
आरगाउ कैंटन पुलिस ने अपने बयान में कहा कि गोलीबारी की वास्तविक परिस्थितियों और इसके पीछे के संभावित मकसद का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस की फोरेंसिक टीमें घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित कर रही हैं और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। फरार संदिग्ध की धरपकड़ के लिए पुलिस का व्यापक तलाशी अभियान (Manhunt) जारी है।

