Mon. Aug 10th, 2026

कांवड़ियों की सेवा में जुटे केंद्रीय गृह राज्य मंत्री, नित्यानंद राय ने की पैरों की मालिश

बांका : चांदन प्रखंड के सुईया थाना क्षेत्र अंतर्गत अबरखा स्थित टोनापाथर में रविवार को बोलबम सेवा समिति, दलसिंहसराय सेवा शिविर की 50वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में स्वर्ण जयंती समारोह आयोजित किया गया। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने समारोह में भाग लिया।इस दौरान उन्होंने कांवड़ियों की सेवा कर श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री झारखंड के देवघर पहुंचे थे। इसी क्रम में वे बांका के कांवड़िया पथ स्थित सेवा शिविर में पहुंचे। यहां उन्होंने शिविर में कांवड़ियों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया।

मंत्री ने की कांवड़ियों की सेवा

निरीक्षण के दौरान मंत्री जी ने स्वयं कांवड़ियों की सेवा की। उन्होंने उनके पैरों में तेल लगाया और अपने हाथों से मालिश की। उन्होंने पैरों, पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों में दर्द से परेशान कांवड़ियों को आयोडिक्स और अन्य आवश्यक दवाइयां देकर राहत पहुंचाने का प्रयास किया। केंद्रीय मंत्री जी को इस प्रकार श्रद्धालुओं की सेवा करते देख वहां भीड़ जमा हो गई। कांवड़ियों और स्थानीय लोगों ने उनकी सेवा भावना की सराहना की।

आस्था का बड़ा केंद्र मेला- नित्यानंद राय

नित्यानंद राय ने कहा कि श्रावणी मेला न केवल आस्था का एक प्रमुख केंद्र है, बल्कि सेवा, समर्पण और मानवता का भी एक उदाहरण है। देश के विभिन्न हिस्सों से लोग कांवड़ियों की सेवा करने के लिए यहां आते हैं। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कांवड़ यात्रा पर निकलते हैं। इसलिए, सेवा शिविरों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भोजन, पानी, आवास और चिकित्सा देखभाल सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं प्रदान करना एक महत्वपूर्ण कार्य है। उन्होंने कहा कि बोलबम सेवा समिति का लगातार 50 वर्षों से कांवरियों की सेवा करना बड़ी उपलब्धि है।

समारोह में मौजूद रहे स्थानीय नेता

कटोरिया के विधायक पूरनलाल टुडू और पूर्व विधायक राजकिशोर प्रसाद उर्फ ​​पप्पू यादव भी समारोह में उपस्थित थे। भाजपा जिला अध्यक्ष ब्रजेश उर्फ ​​विक्की मिश्रा, समिति अध्यक्ष रामगोपाल सुरेका, संयोजक रमेश कुमार सुरेका, सचिव प्रहलाद केडिया, समिति के अधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के साथ स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल हुए। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों से मुलाकात की। इस दौरान स्थानीय लोगों ने कटोरिया स्टेशन से राजधानी पटना के लिए सीधी ट्रेन सेवा शुरू कराने की मांग रखी। केंद्रीय मंत्री ने इस मांग को लेकर रेल मंत्री से बातचीत करने का आश्वासन दिया।(एजेंसी)

About The Author

इन्हें भी पढ़े