Tue. Jul 28th, 2026

सावन में राजस्थान से हरिद्वार जाना हुआ आसान, रेलवे ने चलाईं 4 विशेष ट्रेनें

जयपुर: उत्तर पश्चिम रेलवे ने सावन के महीने में भगवान शिव के भक्तों और रेल यात्रियों के लिए एक बड़ी सौगात की घोषणा की है। हरिद्वार में लगने वाले विश्व प्रसिद्ध कांवड़ मेले को देखते हुए, रेलवे ने राजस्थान से गुजरने वाली चार प्रमुख ट्रेनों के लिए हरिद्वार क्षेत्र के तीन अहम स्टेशनों रायवाला, मोतीचूर और ज्वालापुर पर अस्थायी ठहराव की व्यवस्था करने का फैसला किया है। इसके साथ ही यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए 49 जोड़ी ट्रेनों में विभिन्न श्रेणियों के 135 अतिरिक्त डिब्बे जोड़े जाएंगे, कई स्पेशल ट्रेनों का संचालन होगा और पहले से चल रही विशेष रेल सेवाओं की अवधि भी बढ़ाई जाएगी। इस बार सावन माह 30 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक रहेगा। ऐसे में राजस्थान से भी बड़ी संख्या में लाखों श्रद्धालुओं के हरिद्वार, ऋषिकेश और अन्य धार्मिक स्थलों की ओर रवाना होने की संभावना को देखते हुए रेलवे ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।

इन 4 ट्रेनों को मिलेगा कांवड़ मेले का विशेष ठहराव

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, 30 जुलाई से 13 अगस्त तक ये ट्रेनें रायवाला, मोतीचूर और ज्वालापुर स्टेशनों पर दो मिनट के लिए अस्थायी रूप से रुकेंगी। इन स्टॉपेज से राजस्थान से आने वाले हजारों तीर्थयात्रियों को हरिद्वार और ऋषिकेश इलाके में उतरने में आसानी होगी और भीड़ भी कम होगी।

1. ट्रेन नंबर 19565, ओखा-देहरादून साप्ताहिक एक्सप्रेस रेलसेवा 30 जुलाई से 13 अगस्त तक ज्वालापुर स्टेशन पर 15.53 बजे आगमन व 15.55 बजे प्रस्थान, मोतीचूर स्टेशन पर 17.00 बजे आगमन व 17.02 बजे प्रस्थान तथा रायवाला स्टेशन पर 17.35 बजे आगमन व 17.37 बजे प्रस्थान करेगी।
2. ट्रेन नंबर 14815, श्रीगंगानगर-ऋषिकेश एक्सप्रेस 30 जुलाई से 13 अगस्त तक तक ज्वालापुर स्टेशन पर 13.24 बजे आगमन व 13.26 बजे प्रस्थान, मोतीचूर स्टेशन पर 13.54 बजे आगमन व 13.56 बजे प्रस्थान तथा रायवाला स्टेशन पर 14.16 बजे आगमन व 14.18 बजे प्रस्थान करेगी।
3. ट्रेन नंबर 19566, देहरादून-ओखा साप्ताहिक एक्सप्रेस भी 30 जुलाई से 13 अगस्त तक ज्वालापुर स्टेशन पर 07.52 बजे आगमन व 07.54 बजे प्रस्थान, मोतीचूर स्टेशन पर 07.24 बजे आगमन व 07.26 बजे प्रस्थान तथा रायवाला स्टेशन पर 07.08 बजे आगमन व 07.10 बजे प्रस्थान करेगी।
4. ट्रेन नंबर 14816, ऋषिकेष-श्रीगंगानगर प्रतिदिन एक्सप्रेस तीस जुलाई से13 अगस्त तक ज्वालापुर स्टेशन पर 14.28 बजे आगमन व 14.30 बजे प्रस्थान, मोतीचूर स्टेशन पर 14.02 बजे आगमन व 14.04 बजे प्रस्थान तथा रायवाला स्टेशन पर 13.35 बजे आगमन व 13.37 बजे प्रस्थान करेगी।

दिल्ली से हरिद्वार तक बढ़ेगा रेल संचालन

कांवड़ मेले के दौरान, रेलवे 30 जुलाई से 28 अगस्त तक दिल्ली-शामली पैसेंजर और दिल्ली-सहारनपुर MEMU ट्रेनों को हरिद्वार तक बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। इससे राजस्थान के उन यात्रियों को सीधा फायदा होगा जो जयपुर, सीकर, झुंझुनूं, अलवर और श्री गंगानगर जैसे शहरों से दिल्ली पहुंचकर हरिद्वार जाते हैं।

स्टेशनों पर बढ़ेंगे टिकट काउंटर

रेलवे ने कांवड़ यात्रा से जुड़े स्टेशनों जैसे रायवाला, मोतीचूर और ज्वालापुर पर खास इंतजाम करने का फैसला किया है। इन इंतजामों में अतिरिक्त टिकट काउंटर खोलना, भीड़ को संभालना, सुरक्षा सुनिश्चित करना और यात्रियों की मदद करना शामिल है। उम्मीद है कि इस कदम से तीर्थयात्रियों को लंबी लाइनों और अव्यवस्था से राहत मिलेगी।

प्रयागराज-वेरावल स्पेशल ट्रेन भी चलेगी

नार्दन वेस्टन रेलवे के सीपीआरओ अमित सुदर्शन ने एक अन्य जानकारी में बताया कि अतिरिक्त यात्री दबाव को देखते हुए रेलवे प्रयागराज-वेरावल-प्रयागराज स्पेशल का भी संचालन करेगा। जिसमें ट्रेन नंबर 04173 प्रयागराज-वेरावल स्पेशल 6 अगस्त से 24 सितंबर तक प्रत्येक गुरुवार (8 ट्रिप) करेगी जबकि ट्रेन नंबर 04174 वेरावल-प्रयागराज स्पेशल 7 अगस्त से 25 सितंबर तक प्रत्येक शुक्रवार (8 ट्रिप) का संचालन करेगी।

श्रीगंगानगर-समस्तीपुर स्पेशल भी चलेगी ज्यादा दिन

सावन के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए 04731/04732 श्रीगंगानगर-समस्तीपुर साप्ताहिक स्पेशल की अवधि भी बढ़ा दी गई है। जिसमें श्रीगंगानगर से 2 अगस्त से 23 अगस्त तक (4 ट्रिप) एवं समस्तीपुर से 4 अगस्त से 25 अगस्त तक (4 ट्रिप) के लिए संचालन अवधि बढ़ा दी गई है। बताया गया है कि इस ट्रेन का समय और ठहराव पूर्ववत रहेगा।

सावन माह में बढ़ता दबाब और रेलवे की सौगात

अगस्त में सावन के महीने के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए, रेलवे ने 49 जोड़ी ट्रेनों में अलग-अलग क्लास के कुल 135 अतिरिक्त कोच जोड़ने का फैसला किया है। इस कदम से यात्रियों के लिए कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बेहतर होगी और लंबी वेटिंग लिस्ट से काफी राहत मिलेगी।

राजस्थान के यात्रियों के लिए राहत भरा फैसला

हर साल सावन के महीने में हरिद्वार और ऋषिकेश जाने वाले तीर्थयात्रियों की भारी भीड़ के कारण ट्रेन में रिजर्वेशन मिलना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में, उत्तर पश्चिम रेलवे के उठाए गए कदम—जैसे स्पेशल स्टॉपेज देना, अतिरिक्त कोच जोड़ना, ‘मेला स्पेशल’ ट्रेनें चलाना और स्पेशल रेल सेवाओं की अवधि बढ़ाना—राजस्थान के लाखों यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित होंगे। रेलवे का कहना है कि इन इंतजामों से कांवड़ यात्रा के दौरान यात्रियों का सफर आसान, सुरक्षित और सुविधाजनक हो जाएगा। (एजेंसी)

About The Author