मोहन कैबिनेट की अहम बैठक आज, कई बड़े प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर
MP News : मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का मंगलवार का दिन पूरी तरह से प्रशासनिक और विकास कार्यों के लिए समर्पित रहेगा। सुबह से शाम तक मुख्यमंत्री मंत्रालय (राज्य सचिवालय) में कई बैठकों, समीक्षाओं और विभागीय चर्चाओं में शामिल होंगे। दिन का सबसे अहम कार्यक्रम मंत्रालय में सुबह 11:00 बजे होने वाली राज्य कैबिनेट की बैठक होगी, जिसमें राज्य के विकास, बुनियादी ढांचे, निवेश, जन-कल्याण और विभिन्न सरकारी विभागों से जुड़े अहम प्रस्तावों पर चर्चा के बाद फैसले लिए जाने की संभावना है। मुख्यमंत्री सुबह 10:30 बजे अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (इंटेलिजेंस) एवं आयुक्त जनसंपर्क से समसामयिक विषयों पर ब्रीफिंग लेंगे। इसके बाद 10:55 बजे मंत्रालय पहुंचेंगे और 11 बजे कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए जाएंगे कई फैसले
दोपहर 1:00 बजे मुख्यमंत्री मंत्रालय में कई मुद्दों पर चर्चा करेंगे और इसके बाद दोपहर 1:30 बजे जन-प्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ उनकी बैठक तय है। इसके बाद, दोपहर 2:30 बजे वे पर्यटन विभाग के कामकाज की विस्तृत समीक्षा करेंगे, जिसमें मुख्य योजनाओं, पर्यटन स्थलों के विकास, निवेश प्रस्तावों और आने वाले परियोजनाओं की प्रगति पर बात होगी। उम्मीद है कि राज्य में पर्यटन को नई गति देने के लिए कई अहम फैसले लिए जा सकते हैं।
शाम को निशातपुरा रेलवे स्टेशन का उद्घाटन
मुख्यमंत्री शाम 4:00 बजे अपने आवास पर पहुंचेंगे। इसके बाद, शाम 5:15 बजे वे निशातपुरा रेलवे स्टेशन के लिए रवाना होंगे, जहां शाम 5:30 बजे आयोजित एक कार्यक्रम में वे स्टेशन पर मालवा एक्सप्रेस और वेरावल एक्सप्रेस के नियमित ठहराव का उद्घाटन करेंगे।रेलवे के इस फैसले से भोपाल के उत्तरी और पूर्वी इलाकों में रहने वाले हज़ारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्हें अब बार-बार मुख्य भोपाल रेलवे स्टेशन जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, क्योंकि निशातपुरा स्टेशन से ही मुख्य ट्रेन सेवाएं उपलब्ध होंगी। इससे यात्रियों का समय और यात्रा का खर्च दोनों बचेगा, और साथ ही इस इलाके के विकास में भी गति मिलने की उम्मीद है।
महत्वपूर्ण है आज का दिन
मंगलवार का दिन राजनीतिक और प्रशासनिक, दोनों ही नजरिए से अहम माना जा रहा है। कैबिनेट बैठक में कई नीतिगत फैसले लिए जाने की संभावना है, वहीं राज्य सरकार रेलवे सुविधाओं के विस्तार के जरिए आम जनता को बेहतर बुनियादी सुविधाएं देने की दिशा में भी एक और कदम उठाएगी। वहीं राजधानी भोपाल के लोगों को भी लंबे समय से इंतजार रही एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री आज निशातपुरा रेलवे स्टेशन का लोकार्पण करेंगे, जिससे भोपाल को चौथा रेलवे स्टेशन मिल जाएगा। इन तीनों घटनाओं पर पूरे प्रदेश की नजरें टिकी हुई हैं। (एजेंसी)

