Tue. Jun 9th, 2026

नेपाल बॉर्डर से गिरफ्तार टीएमसी नेता जहांगीर खान कोर्ट में पेश, भारी सुरक्षा के बीच हुई पेशी

फालता सीट से चुनाव लड़ चुके पूर्व टीएमसी नेता पर चुनावी धांधली, रंगदारी और जमीन कब्जाने समेत कई गंभीर आरोप, सात एफआईआर दर्ज

 

कोलकाता: पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के फालता क्षेत्र से जुड़े पूर्व टीएमसी नेता जहांगीर खान, जो खुद को ‘पुष्पा’ कहता था, को गिरफ्तार किए जाने के बाद मंगलवार को डायमंड हार्बर कोर्ट में पेश किया गया। पेशी के दौरान वह भारी पुलिस सुरक्षा और केंद्रीय बलों के जवानों से घिरा नजर आया।

 

जानकारी के अनुसार, जहांगीर खान पिछले कई दिनों से फरार चल रहा था। स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने उसे नेपाल सीमा के पास से गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ फालता थाने में कुल सात एफआईआर दर्ज हैं। इससे पहले 26 मई को कलकत्ता हाई कोर्ट ने उसे मिली अंतरिम गिरफ्तारी सुरक्षा वापस ले ली थी।

 

2026 विधानसभा चुनाव लड़ चुका है खान

 

जहांगीर खान ने 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में फालता सीट से चुनाव लड़ा था। चुनाव के दौरान कथित गड़बड़ियों के बाद इस सीट पर 21 मई को दोबारा मतदान कराया गया था। चुनाव परिणाम आने के बाद से ही वह फरार था।

 

गंभीर आरोपों का सामना कर रहा आरोपी

 

पुलिस के अनुसार, जहांगीर खान पर चुनाव में धांधली, रंगदारी, जमीन कब्जाने और देश से भागने की कोशिश जैसे गंभीर आरोप हैं। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई गैर-जमानती धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें हमला करने, गंभीर चोट पहुंचाने और आपराधिक साजिश रचने जैसे आरोप भी शामिल हैं।

 

ईवीएम से छेड़छाड़ का भी आरोप

 

हालिया विधानसभा चुनाव के दौरान फालता क्षेत्र के कई बूथों पर गड़बड़ी और ईवीएम पर भाजपा के चुनाव चिन्ह के ऊपर टेप लगाने के आरोप भी जहांगीर खान पर लगाए गए थे। इन आरोपों के बाद मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया था।

 

भारी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेशी

 

आरोपी को अदालत में पेश करने के दौरान विशेष पुलिस एस्कॉर्ट टीम और केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी। पुलिस अब विभिन्न मामलों में आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत उससे पूछताछ करेगी। संभावना है कि उसे न्यायिक हिरासत में भेजकर अन्य मामलों में भी जांच आगे बढ़ाई जाएगी।

 

About The Author