मानसून ने बदला मौसम का मिजाज, 13 राज्यों में दस्तक.. कहीं राहत तो कहीं आफत!
13 राज्यों तक पहुंचा मानसून, उत्तर प्रदेश में आंधी से पेड़ उखड़े, मुंबई में अगले 48 घंटे में दस्तक की संभावना
नई दिल्ली: दक्षिण-पश्चिम मानसून अब केरल के बाद देश के अन्य हिस्सों में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। तेज हवाओं और प्री-मानसून गतिविधियों के चलते कई मैदानी राज्यों में गर्मी से राहत मिली है। कई क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और बारिश दर्ज की गई है। उत्तर प्रदेश के उन्नाव में मंगलवार को तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ उखड़ गए, जबकि केरल और कर्नाटक में पिछले चार दिनों से लगातार भारी बारिश जारी है।
मंगलवार को बेंगलुरु और बेलगावी में हुई तेज बारिश के बाद कई सड़कों पर जलभराव हो गया। कुछ स्थानों पर वाहनों के तेज बहाव में बहने के वीडियो भी सामने आए हैं। मानसून अब तक 13 राज्यों में पहुंच चुका है और सोमवार को इसने तेलंगाना में भी दस्तक दे दी। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून फिलहाल मुंबई से करीब 150 किलोमीटर दूर है और अगले 48 घंटों में शहर में पहुंच सकता है।
अगले सप्ताह तक गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी मानसून के पहुंचने की संभावना जताई गई है। वहीं राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में अभी भी भीषण गर्मी का असर बना हुआ है। कई जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी है। सोमवार को राजस्थान के श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कर्नाटक में बाढ़ जैसे हालात
कर्नाटक के बेलगावी जिले में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। सावदत्ती तालुक समेत कई इलाकों में सड़कें नदियों में तब्दील हो गई हैं। पानी घरों में घुस गया है और कई वाहन तेज बहाव में बहते दिखाई दिए। स्थानीय लोगों के मुताबिक, भारी बारिश के कारण किसानों की फसलें भी जलमग्न हो गई हैं।
सोमवार शाम को बैलहोंगल, सवादत्ती, कित्तूर और यरगट्टी तालुकों में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश के कारण नाले उफान पर आ गए और पानी सड़कों पर फैल गया। बैलहोंगल शहर की कुछ सड़कों पर कमर तक पानी भर गया, जिससे बाइकों तक को पानी में तैरते देखा गया।
बेलगावी के बैलहोंगल बस स्टैंड और वीर रानी चेन्नम्मा सर्कल की तस्वीरें सबसे ज्यादा चिंताजनक रहीं। पूरा इलाका पानी में डूब गया और लोग तेज बहाव के बीच एक-दूसरे का सहारा लेकर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचते नजर आए। कई वीडियो में पानी का तेज बहाव लोगों को बहाकर ले जाने की कोशिश करता दिखाई दिया।

