गंगरेल बांध में तेजी से बढ़ा जलस्तर, 10 द्वार खोले गए, महानदी समेत आसपास के इलाकों में अलर्ट
CG News: धमतरी जिले में लगातार बारिश के कारण गंगरेल बांध में पानी का प्रवाह बढ़ गया है। जलस्तर में लगातार वृद्धि को देखते हुए गंगरेल बांध के 10 द्वार खोल दिए गए हैं। बांध से पानी छोड़े जाने के बाद महानदी नदी और आसपास की नदियों एवं नालों में जलस्तर बढ़ने की आशंका है। प्रशासन और जल संसाधन विभाग स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं। लगातार बारिश के चलते गंगरेल बांध के कैचमेंट एरिया से बड़ी मात्रा में पानी पहुंच रहा है। जलाशय में पानी का स्तर बढ़ने के बाद जल संसाधन विभाग ने अतिरिक्त पानी की निकासी शुरू की है। गेट खोले जाने के साथ ही बांध से पानी का बहाव तेज हो गया है।
जिले में लगातार बारिश के कारण प्रमुख जलाशयों में जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। 25 सितंबर, 2026 को सुबह 8 बजे प्राप्त जानकारी के अनुसार, गंगरेल जलाशय 98.14 प्रतिशत, मुरुमसिली 100 प्रतिशत, दुधवा 97.21 प्रतिशत और सोदुर 88.18 प्रतिशत भरा हुआ था। जलाशयों में लगातार पानी आने के कारण, जल प्रबंधन और सुरक्षा उद्देश्यों के लिए विभिन्न जलाशयों से नदी में पानी छोड़ा जा रहा है।
गंगरेल से 54,950 क्यूसेक पानी की निकासी
गंगरेल जलाशय में 64,117 क्यूसेक पानी आ रहा है, और 10 गेट खोलकर 54,950 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसमें से 6,000 क्यूसेक पानी रुद्री बैराज के माध्यम से नहर में और 48,950 क्यूसेक पानी महानदी नदी में छोड़ा जा रहा है। जलाशय में पानी की बढ़ती मात्रा को देखते हुए, जल प्रबंधन और सुरक्षा उद्देश्यों के लिए पानी निकाला जा रहा है।
मुरुमसिल्ली, दुधावा और सोदूर की स्थिति
मुरुमसिली जलाशय में 7,465 क्यूसेक पानी आ रहा है और जलाशय से 7,286 क्यूसेक पानी नदी में छोड़ा जा रहा है। दुधवा जलाशय में 18,724 क्यूसेक पानी आ रहा है, जबकि नदी में 16,606 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। सोदुर जलाशय में 16,624 क्यूसेक पानी आ रहा है और 5 फाटकों से 16,402 क्यूसेक पानी नदी में छोड़ा जा रहा है। जलाशयों में पानी के प्रवाह और जलस्तर की स्थिति को देखते हुए, आवश्यकता पड़ने पर छोड़े जाने वाले पानी की मात्रा को और बढ़ाया जा सकता है।
महानदी किनारे बसे गांवों में अलर्ट
जलाशयों से भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण महानदी और उससे जुड़ी नदियों का जलस्तर बढ़ेगा और बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। जिला प्रशासन ने नदी तट के किनारे बसे सभी गांवों के लिए अलर्ट जारी किया है। जिला प्रशासन ने ग्रामीणों और आम जनता से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। (एजेंसी)

