डिंपल यादव को हिरासत में लेने पर लखनऊ में कटा बवाल! सपा ने किया प्रदर्शन, जानिए क्या है मामला?
दिल्ली की घटना के विरोध में समाजवादी पार्टी ने लखनऊ में प्रदर्शन किया। सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की, जिसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को इको गार्डन भेज दिया।
दिल्ली में सीजेपी (CJP) के विरोध प्रदर्शन के दौरान सांसद डिंपल यादव को कथित रूप से हिरासत में लिए जाने और प्रदर्शनकारियों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में सोमवार को लखनऊ में समाजवादी पार्टी ने प्रदर्शन किया। सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा के नेतृत्व में छात्र सभा, महिला कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में पार्टी समर्थकों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज दबाने के लिए शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शनों पर बल प्रयोग किया जा रहा है। उनका कहना था कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करना प्रत्येक नागरिक और राजनीतिक दल का संवैधानिक अधिकार है।
सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा ने कहा कि सांसद डिंपल यादव को हिरासत में लिया जाना और प्रदर्शनकारियों पर कथित लाठीचार्ज लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि विपक्ष अपने लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज उठाता रहेगा।
प्रदर्शन में छात्र सभा के साथ बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया। प्रदर्शनकारी हाथों में समाजवादी पार्टी के झंडे लेकर दिल्ली की घटना के खिलाफ विरोध दर्ज करा रहे थे और सरकार से विपक्षी नेताओं के खिलाफ की गई कार्रवाई पर पुनर्विचार करने की मांग कर रहे थे।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखते हुए प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाया और बसों के माध्यम से इको गार्डन भेज दिया। घटना के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

