छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के बाद भड़के Sonam Wangchuk, अस्पताल से किया बड़ा ऐलान- ‘अब नहीं टूटेगा अनशन’
Sonam Wangchuk Hunger Strike: राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का चल रहा विरोध प्रदर्शन सोमवार को अचानक उग्र हो गया। इस प्रदर्शन के दौरान पुलिस और छात्रों के बीच हुई झड़प के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई है। जंतर-मंतर पर हुए इस घटनाक्रम और युवाओं पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में, अस्पताल में भर्ती जलवायु कार्यकर्ता और शिक्षा सुधारक सोनम वांगचुक ने अपना अनशन जारी रखने का बड़ा ऐलान किया है।
‘युवाओं पर बर्बरता बर्दाश्त नहीं, जारी रहेगा अनशन’
अस्पताल से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर अपनी बात रखते हुए सोनम वांगचुक ने लिखा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं के साथ जिस तरह की बर्बरता की गई है, उसे देखते हुए उन्होंने अपने अनशन को आगे बढ़ाने का फैसला लिया है।
वांगचुक ने साफ तौर पर कहा कि जब तक युवा छात्र नेताओं को सांसदों से मिलने की अनुमति नहीं दी जाती, या फिर छात्रों को अस्पताल में उनसे मिलने नहीं दिया जाता, तब तक उनका यह अनशन जारी रहेगा। उन्होंने अपने समर्थकों से शांति बनाए रखने की भी अपील की।
शिक्षा मंत्री की जवाबदेही तय करने की मांग
सोनम वांगचुक ने सरकार से इस पूरे मामले में सख्त कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार इस घटना को गंभीरता से लेगी और शिक्षा मंत्री की जवाबदेही तय करेगी।
मामले को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने की अपील करते हुए वांगचुक ने केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस बल से आग्रह किया है कि वे प्रदर्शनकारी छात्रों को संसद के सामने जाकर अपनी शिकायतें और मांगें रखने की अनुमति दें।
छात्रों से संयम बनाए रखने की अपील
वांगचुक ने प्रदर्शन में शामिल युवाओं पर विश्वास जताते हुए कहा कि वे आगे भी संयम, शांति और सहनशीलता बनाए रखेंगे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखने का अधिकार सभी को है और युवाओं की आवाज को दबाने की जगह उनकी मांगों को सुना जाना चाहिए। जंतर-मंतर पर हुई इस कार्रवाई के बाद से ही राजधानी का सियासी माहौल गरमा गया है।

