‘स्किल होना अलग बात है लेकिन उसमें…’: Vaibhav Suryavanshi को लेकर शिखर धवन की बड़ी भविष्यवाणी
Shikhar Dhawan on Vaibhav Suryavanshi: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने 15 वर्षीय युवा बल्लेबाजी सनसनी वैभव सूर्यवंशी के खेलने के अंदाज और उनकी निडर मानसिकता की जमकर तारीफ की है। वैभव सूर्यवंशी अपने आक्रामक बल्लेबाजी के अंदाज को लेकर पिछले काफी समय से चर्चाओं में हैं। जिम्बाब्वे दौरे पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर डेब्यू करते हुए दो शानदार अर्धशतकीय पारियां खेलकर उन्होंने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा है।
“15 साल की उम्र में ऐसा जिगरा होना बड़ी बात”
वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी और उनकी क्षमता पर बात करते हुए गब्बर यानी शिखर धवन ने कहा:
“वो तो बहुत शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं। 15-16 साल की उम्र में इंटरनेशनल तक पहुंचना ही अपने आप में बहुत बड़ी बात है। जिस तरह से वह चौके-छक्के मारते हैं, वो गजब की बात है। स्किल होना एक अलग बात है, लेकिन उसके ऊपर वो जिगरा होना, वो भी 15 साल की उम्र में, बड़ी बात है। उनका वर्तमान भी बेहतरीन है और मुझे पूरा भरोसा है कि उनका भविष्य भी बहुत शानदार होगा।”
रोहित और विराट के 2027 वनडे वर्ल्ड कप रोल पर बोले धवन
इंटरव्यू के दौरान शिखर धवन ने अपने पुराने साथी खिलाड़ी विराट कोहली और रोहित शर्मा की फिटनेस और प्रदर्शन पर भी खुलकर बात की। धवन ने दोनों लीजेंड्स के साथ अपनी पुरानी दोस्ती को याद करते हुए कहा:
“दोनों लीजेंड हैं और उन्होंने सालों-साल देश के लिए परफॉर्म किया है। विराट और रोहित के साथ मेरा रिश्ता तब से है जब हम 15-16 साल के थे। मुझे बेहद खुशी है कि दोनों अभी भी पूरी तैयारी के साथ खेल रहे हैं। रोहित शर्मा ने जिस तरह लॉर्ड्स में मुश्किल परिस्थितियों में शतक जड़कर अपने बल्ले से जवाब दिया, वह कमाल था। वहीं विराट कोहली की जितनी तारीफ की जाए कम है, खुद को इतना फिट रखना और लगातार प्रदर्शन करना आसान नहीं होता। मुझे पूरा भरोसा है कि दोनों 2027 वनडे वर्ल्ड कप में भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।”

