Wed. Jun 17th, 2026

कोरिया में रेत विवाद ने ली भाजपा नेता की जान, फॉर्च्यूनर को टक्कर मारकर लगाई आग, तीन घायल

सोनहत के कटगोड़ी गांव में देर रात हुई सनसनीखेज वारदात, हिरासत में लिए गए आरोपी भी भाजपा से जुड़े बताए जा रहे हैं

 

कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में रेत के कारोबार को लेकर चल रहा विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। जिले के सोनहत तहसील अंतर्गत ग्राम कटगोड़ी में मंगलवार देर रात हुई दिल दहला देने वाली घटना में भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह की मौत हो गई, जबकि उनके साथ वाहन में सवार तीन अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।

 

जानकारी के अनुसार, भरत सिंह गहरवार अपने साथियों के साथ फॉर्च्यूनर वाहन में सवार थे। इसी दौरान आरोपियों ने पहले एक टिपर वाहन से उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मारी, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद आरोपियों ने फॉर्च्यूनर में आग लगा दी। आग की चपेट में आने से भरत सिंह गहरवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए।

 

घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पूरा मामला रेत कारोबार और वर्चस्व की लड़ाई से जुड़ा बताया जा रहा है।

 

बताया जा रहा है कि हिरासत में लिए गए आरोपी भी भाजपा से जुड़े हुए हैं। हालांकि पुलिस ने अभी इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

 

इस सनसनीखेज वारदात के बाद क्षेत्र में राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है। स्थानीय लोगों के बीच दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।

 

 

About The Author