Sat. Jul 4th, 2026

RG Kar Case : पीड़िता की मां और बीजेपी विधायक रत्ना देबनाथ बोलीं- ‘7 दिन में न्याय का वादा था, 2 महीने बाद भी इंतजार’

सरकार से जताया भरोसा, कहा- सभी दोषियों को सजा मिलेगी.. सबूत छिपाने वालों पर भी कार्रवाई की मांग।

 

कोलकाता के चर्चित आरजी कर मेडिकल कॉलेज रेप और हत्या मामले में पीड़िता की मां और भाजपा विधायक रत्ना देबनाथ ने सरकार बनने के करीब दो महीने बाद पहली बार खुलकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सरकार से किए गए वादे का जिक्र करते हुए कहा कि सात दिन में न्याय दिलाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन दो महीने बीत जाने के बावजूद उनकी बेटी को न्याय नहीं मिल सका है।

मीडिया से बातचीत में रत्ना देबनाथ ने कहा कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अपने अधिकांश वादे पूरे किए हैं, लेकिन उनकी बेटी के मामले में न्याय मिलने में अभी तक देरी हुई है। हालांकि उन्होंने सरकार पर भरोसा जताते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि सभी दोषियों को कानून के मुताबिक सजा मिलेगी।

रत्ना देबनाथ ने यह भी दोहराया कि उनकी बेटी के हत्यारे इंसान कहलाने के योग्य नहीं हैं। उन्होंने कहा कि सिर्फ वारदात को अंजाम देने वाले ही नहीं, बल्कि जिन लोगों ने सबूत छिपाने की कोशिश की, उन्हें भी आरोपी मानते हुए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

इससे पहले पीड़िता के पिता शेखर रंजन डेबनाथ ने भी मामले में न्याय मिलने की उम्मीद जताई थी। 27 जून को उन्होंने कहा था कि एक अन्य मामले में हुई गिरफ्तारियों से उनका भरोसा और मजबूत हुआ है कि उनकी बेटी के मामले में भी दोषियों को सजा मिलेगी। उन्होंने हाईकोर्ट की निगरानी में चल रही जांच को भी परिवार के लिए उम्मीद की एक बड़ी वजह बताया था।

गौरतलब है कि 9 अगस्त 2024 को कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के सेमिनार हॉल में 31 वर्षीय ट्रेनी डॉक्टर का शव मिला था। आरोप था कि उनके साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की गई। इस घटना के बाद देशभर में डॉक्टरों और मेडिकल संगठनों ने व्यापक विरोध प्रदर्शन किए थे। प्रदर्शनकारियों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई थी।

About The Author

इन्हें भी पढ़े