भोपाल में आज कई रूट डायवर्ट: अमित शाह के दौरे पर सुबह 9 से रात 8 तक बदली रहेगी ट्रैफिक व्यवस्था, देखें जरूरी रास्ते
भोपाल। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भोपाल दौरे और जंबूरी मैदान में आयोजित कार्यक्रम को लेकर शहर में व्यापक ट्रैफिक डायवर्सन लागू किया गया है। शनिवार सुबह 9 बजे से रात 8 बजे तक प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों, मालवाहकों और इंटर-सिटी यात्री बसों की आवाजाही में बदलाव रहेगा। हालांकि, एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाओं पर कोई रोक नहीं होगी। किसी भी असुविधा या पूछताछ के लिए ट्रैफिक पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर 0755-2677340 और 0755-2443850 जारी किए हैं।
यात्री बसों के रूट में बड़े बदलाव
सीहोर, इंदौर और उज्जैन से आने वाली सभी यात्री बसें केवल हलालपुर बस स्टैंड तक ही आ सकेंगी, इन्हें लालघाटी की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। राजगढ़-ब्यावरा की बसें मुबारकपुर बायपास और गांधीनगर होते हुए हलालपुर पहुंचेंगी, जबकि नादरा बस स्टैंड जाने वाली बसें गांधीनगर-करोंद मार्ग से संचालित होंगी। होशंगाबाद, जबलपुर, छिंदवाड़ा, सागर और छतरपुर से आने वाली बसें 11 मील व हबीबगंज नाका होकर केवल ISBT तक ही आवागमन करेंगी। भारी और मालवाहक वाहनों के लिए भदभदा से गांधीनगर तक का रास्ता पूरी तरह परिवर्तित रहेगा।
भेल दशहरा मैदान के आसपास दबाव, ये हैं वैकल्पिक मार्ग
सुबह 9 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक गोविंदपुरा टर्निंग, अन्ना नगर, करियर कॉलेज, सद्भावना चौराहा, भेल गेट नंबर-6, महात्मा गांधी चौराहा और भेल दशहरा मैदान पर ट्रैफिक का भारी दबाव रहेगा। आम नागरिक आवागमन के लिए वैकल्पिक रास्तों का उपयोग कर सकते हैं। महात्मा गांधी चौराहे से करियर कॉलेज जाने वाला ट्रैफिक कस्तूरबा अस्पताल होकर ISBT और चेतक ब्रिज की ओर निकल सकता है। अवधपुरी से एमपी नगर जाने वाले वाहन एम्स अस्पताल और बरखेड़ा मार्केट मार्ग का उपयोग करें, जबकि एयरपोर्ट व बैरागढ़ जाने के लिए नीलबड़-खजूरी बायपास का इस्तेमाल किया जा सकता है।

