Twisha Sharma Case Update: पति समर्थ 7 दिन की रिमांड पर, पासपोर्ट जब्त; अब दिल्ली AIIMS की टीम करेगी दोबारा पोस्टमॉर्टम
Twisha Sharma Case Update: एक्ट्रेस और मॉडल ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में शनिवार को एक के बाद एक कई बड़े अपडेट्स सामने आए हैं। 12 मई को ससुराल में हुई इस रहस्यमयी मौत के मुख्य आरोपी और ट्विशा के पति समर्थ सिंह को भोपाल जिला कोर्ट ने 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। इसके साथ ही, कोर्ट ने ट्विशा के परिजनों की अर्जी पर कड़ा रुख अपनाते हुए समर्थ का पासपोर्ट जब्त करने के आदेश भी जारी कर दिए हैं।
इस बीच, मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली AIIMS के चार वरिष्ठ डॉक्टरों की मेडिकल टीम आधुनिक उपकरणों के साथ आज शाम 6 बजे राज्य सरकार के चार्टर्ड विमान से भोपाल के लिए रवाना हो चुकी है, जो रविवार को शव का दोबारा (सेकंड) पोस्टमॉर्टम करेगी।
हुलिया बदलकर भाग रहा था समर्थ, बार काउंसिल ने छीना लाइसेंस
शुक्रवार को जबलपुर जिला कोर्ट में सरेंडर करने के बाद भोपाल पुलिस ने समर्थ सिंह को गिरफ्तार किया था। फरारी के दौरान अपनी पहचान छिपाने के लिए हमेशा क्लीन शेव रहने वाले समर्थ ने हल्की दाढ़ी बढ़ा ली थी और कैप व मास्क लगाकर घूम रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) के चेयरमैन मनन कुमार मिश्रा ने आरोपी वकील समर्थ सिंह का वकालत का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।
मौत से ठीक पहले का CCTV फुटेज आया सामने
जांच के बीच ट्विशा शर्मा का एक आखिरी वीडियो (CCTV फुटेज) भी सामने आया है। इसमें वह अपने ससुराल से महज 100 मीटर दूर स्थित एक ब्यूटी पार्लर में तैयार होती दिख रही है। वीडियो में ट्विशा बेहद सामान्य और रिलैक्स नजर आ रही है, जिसने पुलिस की तफ्तीश को एक नया मोड़ दे दिया है। इसके अलावा पुलिस को पता चला है कि ट्विशा ने 12 मई की सुबह ही अजमेर जाने के लिए भोपाल-जयपुर एक्सप्रेस में टिकट बुक कराया था, जहां उसके भाई मेजर हर्षित शर्मा की पोस्टिंग है। ऐसे में अचानक उसकी मौत हो जाना कई गंभीर सवाल खड़े करता है।
पुलिस कमिश्नर का बयान: रसूखदार सास पर भी कसेगा शिकंजा
भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि एसीपी रजनीश कश्यप कौल के नेतृत्व में एसआईटी (SIT) इस मामले की बारीकी से जांच कर रही है। रिमांड के दौरान समर्थ से घटना वाली रात, पारिवारिक विवाद, मोबाइल चैट और फरारी में मदद करने वाले लोगों के बारे में पूछताछ की जाएगी। उन्होंने बताया कि समर्थ की मां और रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को तीन बार नोटिस भेजा जा चुका है, लेकिन वे जांच में सहयोग नहीं कर रही हैं। पुलिस ने कोर्ट में उनकी अग्रिम जमानत रद्द करने के लिए आवेदन दिया है।
परिजन द्वारा पहली पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में ट्विशा की हाइट गलत लिखे जाने (असल हाइट 5.73 इंच की जगह 5.7 इंच) के आरोपों पर कमिश्नर ने कहा कि इससे जांच पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा और पुलिस पूरी तरह निष्पक्ष जांच कर रही है।
हाईकोर्ट का कड़ा रुख और CBI जांच की सिफारिश
मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने ट्विशा के शव का दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं, शुक्रवार को सुनवाई के दौरान समर्थ के वकीलों द्वारा हिंदू रीति-रिवाजों का हवाला देकर ट्विशा का शव सौंपने की मांग को हाई कोर्ट ने सिरे से खारिज कर दिया। दूसरी ओर, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा की मुलाकात के बाद राज्य सरकार ने मामले की सीबीआई (CBI) जांच के लिए केंद्र सरकार को पत्र लिखकर अपनी सहमति दे दी है। सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता भी सरकार की ओर से कोर्ट में पक्ष रख रहे हैं। मामले की अगली सुनवाई 25 मई को होगी।

