Thu. Nov 5th, 2026

पीएम मोदी करेंगे C-295 प्लेन फैक्ट्री का उद्घाटन, स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज रहेंगे साथ

C-295 Plane Factory: पीएम नरेंद्र मोदी और स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज आज गुजरात के वडोदरा में C-295 विमान निर्माण फैक्ट्री का संयुक्त उद्घाटन करेंगे। जानें इस विमान की खासीयत।

C-295 Plane Factory: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज आज गुजरात के वडोदरा में C-295 विमान निर्माण फैक्ट्री का संयुक्त उद्घाटन करेंगे। यह टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड (TASL) परिसर में स्थित है। इस फैक्ट्री में भारतीय वायुसेना के लिए 40 C-295 विमानों का निर्माण किया जाएगा, जबकि 16 विमान सीधे स्पेन से प्राप्त होंगे। यह भारत का पहला निजी क्षेत्र का फाइनल असेंबली लाइन (FAL) प्रोजेक्ट है, जो भारतीय रक्षा उद्योग के लिए एक नया मील का पत्थर साबित होगा।

भारतीय वायुसेना के लिए बड़ा परिवर्तन
C-295 विमान, जो 5 से 10 टन की क्षमता का है, भारतीय वायुसेना के पुराने हो चुके Avro-748 विमानों की जगह लेगा। अत्याधुनिक तकनीक से लैस यह विमान सामरिक परिवहन और कठिन परिस्थितियों में परिचालन के लिए उपयुक्त है। यह विमान 71 सैनिकों या 50 पैरा-ट्रूपर्स को ले जाने में सक्षम है। इसकी फ्लाइट अवधि 11 घंटे तक हो सकती है, जिससे यह लंबे और कठिन मिशनों को भी आसानी से अंजाम दे सकता है।

पूरा इकोसिस्टम विकसित किया जाएगा
इस परियोजना में विमान के निर्माण से लेकर टेस्टिंग, असेंबली और मेंटेनेंस तक का एक पूरा इकोसिस्टम विकसित किया जाएगा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इसे भारतीय एयरोस्पेस उद्योग के लिए एक महत्वपूर्ण दिन बताया। उनके अनुसार, यह पहली बार है कि भारत में किसी निजी कंपनी द्वारा सैन्य विमान का निर्माण किया जा रहा है। इसके जरिए भारतीय एयरोस्पेस क्षेत्र को भी मजबूती मिलेगी और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा।

देश में बनेगी स्वदेशी रक्षा तकनीक
सभी 56 विमानों को भारतीय रक्षा उद्योग में विकसित की गई स्वदेशी इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर सूट से लैस किया जाएगा। इसके लिए भारत की डीपीएसयू कंपनियों, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड और भारत डायनामिक्स लिमिटेड द्वारा निर्मित तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। यह विमान रेगिस्तान से समुद्री इलाकों तक हर मौसम में मिशन कर सकता है। इसका छोटा रनवे पर उतरने और टेकऑफ करने की क्षमता इसे अनुकूल बनाती है।

रक्षा क्षेत्र में नए युग की शुरुआत
2021 में रक्षा मंत्रालय ने स्पेन की Airbus Defence and Space SA के साथ 21,935 करोड़ रुपये का अनुबंध किया था। C-295 परियोजना भारत के रक्षा और एयरोस्पेस सेक्टर के लिए एक गेम-चेंजर साबित होगी। पीएम मोदी ने इस परियोजना का शिलान्यास अक्टूबर 2022 में किया था, जो अब उद्घाटन के साथ ही एक नए युग की शुरुआत कर रही है।

About The Author

इन्हें भी पढ़े

SKY TMT