Thu. Aug 6th, 2026

PM Modi Foreign Visit Cost 2026: पीएम मोदी के विदेशी दौरों पर इस साल कितना हुआ खर्च? संसद में सरकार ने दिया आंकड़ा; नॉर्वे यात्रा पर खर्च हुए सबसे ज्यादा पैसे!

PM Modi Foreign Visit Cost: वर्ष 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेशी दौरों पर अब तक 74.58 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च हो चुकी है। वहीं, जुलाई 2021 से लेकर अब तक उनके सभी विदेश दौरों पर कुल खर्च 550 करोड़ रुपये से अधिक दर्ज किया गया है। यह आधिकारिक जानकारी विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने गुरुवार को राज्यसभा में एक सवाल के लिखित जवाब में दी।

नॉर्वे यात्रा पर इस साल सबसे ज्यादा खर्च

विदेश मंत्रालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक उपलब्ध आंकड़ों के तहत प्रधानमंत्री के मई महीने में हुए पांच देशों के दौरे के दौरान नॉर्वे यात्रा पर सबसे अधिक 17.46 करोड़ रुपये खर्च हुए। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि 2026 के कुछ दौरों का खर्च अभी प्रोविजनल (अस्थायी) है और अंतिम बिलों का निपटारा होने के बाद अंतिम आंकड़े जारी किए जाएंगे। जून 2026 में हुई फ्रांस यात्रा के खर्च की गणना भी अभी जारी है।

पिछले 6 वर्षों (2021-2026) में विदेश दौरों पर खर्च का लेखा-जोखा

संसद में पेश आंकड़ों के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों में प्रधानमंत्री के विदेश दौरों पर हुए खर्च का विवरण इस प्रकार है:

2026 (अब तक): ₹74.58 करोड़

2025: ₹180 करोड़ से अधिक

2024: ₹109 करोड़

2023: ₹93 करोड़

2022: ₹55 करोड़

2021: ₹36 करोड़

316 ऐतिहासिक समझौते और 381.8 अरब डॉलर का FDI

सरकार ने बताया कि जुलाई 2021 से अब तक प्रधानमंत्री मोदी के विदेश दौरों के दौरान कुल 316 समझोता ज्ञापनों (MoUs) और बहुपक्षीय समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए हैं। ये समझौते रक्षा, व्यापार और निवेश, डिजिटल तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), सेमीकंडक्टर, नवीकरणीय ऊर्जा, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, अंतरिक्ष सहयोग, जलवायु परिवर्तन, संस्कृति, रोजगार और प्रवासन जैसे कई प्रमुख क्षेत्रों से संबंधित हैं।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री की विदेश यात्राएं भारत के द्विपक्षीय और वैश्विक संबंधों को मजबूत करने का एक सशक्त माध्यम रही हैं। इन दौरों के आर्थिक नतीजों पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि अप्रैल 2021 से दिसंबर 2025 के बीच भारत को 381.8 अरब अमेरिकी डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) प्राप्त हुआ है।

About The Author

इन्हें भी पढ़े