Thu. Aug 6th, 2026

CGPSC SI प्रीलिम्स रिजल्ट जारी: ‘NEWS’ और ‘SPACE RANI’ के नाम देख सोशल मीडिया पर छिड़ी चर्चा

CGPSC

रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा के प्रीलिम्स का रिजल्ट जारी किया, लेकिन इस बार चर्चा कटऑफ या मेरिट की नहीं, बल्कि मेरिट लिस्ट में दर्ज कुछ ऐसे नामों की रही, जिन्हें देखकर लोग पहले चौंके और फिर हंस पड़े। रिजल्ट में “NEWS”, “SPACE RANI” और “TUFAIL” जैसे नाम सामने आते ही सोशल मीडिया पर मीम्स और तंज की बाढ़ आ गई।

इतना ही नहीं, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर मेरिट लिस्ट का स्क्रीनशॉट साझा किया। इसके बाद यह सूची राजनीति से ज्यादा इंटरनेट की टाइमलाइन पर छा गई।

‘NEWS’ खुद बन गई खबर

CGPSC की सूची में क्रमांक 6074 पर NEWS नाम का अभ्यर्थी मेंस परीक्षा के लिए सफल घोषित हुआ। दूसरी ओर 467 क्रमांक पर SPACE RANI और 5769 पर TUFAIL का नाम भी चयनित अभ्यर्थियों में शामिल है। बस फिर क्या था… सोशल मीडिया ने अपनी “ड्यूटी” शुरू कर दी।

किसी ने लिखा, “आज पहली बार NEWS खुद हेडलाइन बन गई।”
एक अन्य यूजर ने मजाक किया, “SPACE RANI धरती पर उतरते ही सीधे मेंस परीक्षा में पहुंच गई।”

मीम्स की बरसात, कमेंट्स की लाइन

रिजल्ट वायरल होते ही इंटरनेट पर तरह-तरह के मजेदार कमेंट्स आने लगे।

किसी ने लिखा, “अब BREAKING NEWS भी भर्ती का फॉर्म भर दे।”
तो किसी ने कहा, “अगर अगले साल LIVE, RADIO और CAMERA भी क्वालीफाई कर जाएं तो हैरानी मत करना।”

हालांकि ये सभी प्रतिक्रियाएं सोशल मीडिया यूजर्स की व्यंग्यात्मक टिप्पणियां हैं।

read more : जैविक खेती योजना में खरीद पर बवाल: महंगे दाम, टेंडर प्रक्रिया और कंपनियों पर उठे सवाल

भूपेश बघेल की पोस्ट के बाद बढ़ी चर्चा

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी अपने फेसबुक पेज पर परिणाम सूची साझा की। इसके बाद इस सूची को लेकर राजनीतिक और सोशल मीडिया दोनों जगह चर्चा तेज हो गई। समर्थकों और विरोधियों ने अपने-अपने अंदाज में प्रतिक्रियाएं दीं।

7301 अभ्यर्थी पहुंचे मेंस परीक्षा में

CGPSC के अनुसार, सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा के प्रीलिम्स में कुल 7301 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है। अब ये सभी उम्मीदवार मुख्य परीक्षा में शामिल होंगे। रिजल्ट तो हजारों अभ्यर्थियों का आया, लेकिन इंटरनेट की नजर इस बार कुछ ऐसे नामों पर टिक गई, जिन्होंने कुछ ही घंटों में मेरिट लिस्ट को वायरल बना दिया।

About The Author

इन्हें भी पढ़े