हाथ में ‘बंदर का खिलौना’ और 2.15 लाख का दान! जानिए संसद के आखिरी दिन क्यों मचा बवाल?
नई दिल्ली। संसद का मानसून सत्र भारी हंगामे, राजनीतिक खींचतान और वॉकआउट के बीच अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया। जनहित के मुद्दों और ज्वलंत विषयों पर चर्चा के लिए बुलाया गया यह सत्र एक बार फिर शोर-शराबे की भेंट चढ़ गया। सत्र के अंतिम दिन लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्रिमंडल और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी में अध्यक्ष ओम बिड़ला ने राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के गायन के साथ सदन की कार्यवाही स्थगित की।
96 घंटे से ज्यादा समय हुआ बर्बाद
मानसून सत्र के दौरान बार-बार के स्थगन और हंगामे के कारण विधायी समय का बड़ा नुकसान हुआ:
लोकसभा: कुल 19 बैठकों में निर्धारित 114 घंटे के मुकाबले केवल 17 घंटे 30 मिनट ही काम हो सका। हंगामे की वजह से करीब 96 घंटे 30 मिनट का समय पूरी तरह बर्बाद हुआ।
राज्यसभा: उच्च सदन में 114 घंटे के तय समय में से महज 37 घंटे 24 मिनट कार्यवाही चली, जबकि 76 घंटे 36 मिनट गतिरोध की भेंट चढ़ गए।
12 में से 11 बिल पारित
तीखे विरोध के बावजूद सरकार ने अपने विधायी एजेंडे को आगे बढ़ाया। सत्र के दौरान पेश किए गए 12 नए विधेयकों में से 11 बिल दोनों सदनों से पास करा लिए गए। जिसमें माइनिंग संशोधन बिल, बैंकिंग, टैक्स रिफॉर्म्स, ट्रिब्यूनल, जन्म-मृत्यु पंजीकरण, प्रतियोगी परीक्षाओं में नकल रोकने और सुप्रीम कोर्ट में जजों की संख्या बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण कानून शामिल हैं।
सत्र के अंतिम दिन 'माइंस एंड मिनरल्स संशोधन बिल' पास हुआ। अब केवल 'भारतीय सांख्यिकी संस्थान विधेयक' लंबित है।
‘हल्द्वानी शुद्धिकरण’ पर खड़गे और नड्डा आमने-सामने
सत्र के आखिरी दिन राज्यसभा में कांग्रेस अध्यक्ष व नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आरोप लगाया कि हल्द्वानी में उनके भाषण देने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंच को ‘शुद्ध’ करने के लिए हवन किया।
इस पर भाजपा अध्यक्ष व सदन के नेता जेपी नड्डा ने कहा कि खड़गे जी का दुख स्वाभाविक है, लेकिन भाजपा ऐसी किसी भी गतिविधि का समर्थन नहीं करती। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया।
बाहर ‘बंदर का खिलौना’ और हनुमान मंदिर में 2.15 लाख रुपये दान
संसद के बाहर भी अनोखा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला:
अनोखा प्रदर्शन: विपक्षी सांसद हाथ में बंदर का खिलौना लेकर संसद भवन के मुख्य द्वार पर पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
दान किए पैसे: समाजवादी पार्टी के सांसदों ने विरोध प्रदर्शन के दौरान जुटाए गए 2.15 लाख रुपये दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित प्रसिद्ध हनुमान मंदिर में दान कर दिए।
“इतिहास में पहली बार चर्चा से भागा विपक्ष”- किरेन रिजिजू
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सत्र समाप्ति पर विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि संसदीय इतिहास में यह पहली बार हुआ है जब सरकार हर संवेदनशील मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार थी, लेकिन विपक्ष खुद चर्चा से भागता नजर आया।

