Tue. Sep 29th, 2026

Pakistan: आत्मघाती हमले के पीछे ISIS का हाथ, विस्फोट में 10 किलो विस्फोटक का किया गया था इस्तेमाल

पाकिस्तान के ख़ैबर-पख़्तूनख़्वा में कट्टरपंथी इस्लामी राजनीतिक दल की बैठक में आत्मघाती हमले की वजह का पता चला है। इस आत्मघाती हमले में कम से कम 44 लोग मारे गए हैं और 100 से अधिक लोग घायल हुए हैं। पाकिस्तान पुलिस ने अपने बयान में कहा है कि शुरुआती जांच में पता चला है कि आत्मघाती हमले के पीछे खूंखार आतंकी संगठन आईएसआईएस का हाथ है। आत्मघाती हमला रविवार को उस वक्त हुआ, जब सत्ताधारी गठबंधन की सहयोगी पार्टी जमीयत उलेमा इस्लाम-फजल की एक रैली खार शहर में आयोजित की गई थी।

पाकिस्तान पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि हम अभी भी जांच कर रहे हैं और बाजौर विस्फोट की घटना को लेकर सूचनाएं जुटा रहे हैं। शुरुआती जांच में प्रतिबंधित संगठन दाएश (आईएसआईएस) की संलिप्तता पता चली है। पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। बम डिस्पोजल स्क्वॉड भी मौके पर सबूत जुटाने में जुटी है। खैबर पख्तूनख्वा पुलिस के चीफ अख्तर हयात खान ने बताया कि विस्फोट में 10 किलो विस्फोटक का इस्तेमाल किया गया था। पुलिस ने बताया कि आत्मघाती हमलावर लोगों की भीड़ में आगे और मंच के करीब मौजूद था।

जेयूआई-एफ के कई नेताओं की मौत

हमले में जमीयत उलेमा इस्लाम-फजल के कई नेताओं की मौत हुई है। हमलावर ने मंच के पास खुद को विस्फोट से उड़ाया। इस वजह से मंच पर मौजूद पार्टी के तहसील खार प्रमुख मौलाना जियाउल्लाह जान, नवागाई तहसील के पार्टी महासचिव मौलाना हमीदुल्लाह, जिला सूचना सचिव मुजाहिद खान और पार्टी के कई कार्यकर्ता इस हमले में मारे गए। हमले में घायल हुए 15 लोगों की हालत गंभीर है और इन्हें पाकिस्तानी सेना के हेलीकॉप्टर से पेशावर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों की हालत देखते हुए माना जा रहा है कि मृतकों का आंकड़ा और बढ़ सकता है।

About The Author

इन्हें भी पढ़े