The Vvan Box Office Collection: छठी मैया की आस्था पर बनी फिल्म ‘द वन’ बनी सिद्धार्थ मल्होत्रा की नंबर-1 फिल्म, ‘द पैराडाइज’ भी दे रही है कड़ी टक्कर
The Vvan Box Office Collection: सिनेमाघरों में इस वक्त दर्शकों को भरपूर मनोरंजन मिल रहा है। एक तरफ जहां साउथ सुपरस्टार नानी की एक्शन-ड्रामा फिल्म ‘द पैराडाइज’ का जलवा कायम है, वहीं दूसरी तरफ बिहार के एक गांव और लोककथा पर आधारित फिल्म ‘द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ बॉक्स ऑफिस पर नए मुकाम हासिल कर रही है। दोनों ही फिल्मों का टेस्ट और जॉनर एक-दूसरे से काफी अलग है, लेकिन दर्शक इन्हें बेहद पसंद कर रहे हैं।
सिद्धार्थ मल्होत्रा की ‘द वन’ ने मचाया धमाल
दीपक कुमार मिश्रा के निर्देशन में बनी और सिद्धार्थ मल्होत्रा-तमन्ना भाटिया स्टारर फिल्म ‘द वन’ ने रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर पकड़ मजबूत कर ली है। फिल्म ने पहले दिन 8 करोड़, शनिवार को 11.25 करोड़ और रविवार को 14.35 करोड़ रुपए की शानदार नेट कमाई की थी।
Sacnilk की रिपोर्ट के मुताबिक, वीकडेज की शुरुआत यानी पहले सोमवार को भी इस फिल्म ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 5.25 करोड़ रुपए की कमाई की है। इसके साथ ही भारत में इसका कुल नेट कलेक्शन 38.85 करोड़ रुपए हो गया है, जबकि वर्ल्डवाइड यह फिल्म 50.35 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार कर चुकी है। खास बात यह है कि इस फिल्म ने चार दिनों की कमाई के मामले में सिद्धार्थ मल्होत्रा की पिछली हिट फिल्म ‘एक विलन’ (जिसने चार दिनों में 26.56 करोड़ कमाए थे) को पीछे छोड़ दिया है और यह उनकी नंबर-1 फिल्म बनती दिख रही है।
क्या है ‘द वन’ की कहानी:
फिल्म की कहानी बिहार के एक गांव की लोककथा पर आधारित है, जहां ऋषि (सिद्धार्थ मल्होत्रा) और ममता (तमन्ना भाटिया) छठ पूजा के मौके पर अपने पुश्तैनी गांव पहुंचते हैं। गांव के पास स्थित एक रहस्यमयी जंगल और वन देवी की मान्यताओं के इर्द-गिर्द यह सस्पेंस और आस्था की कहानी घूमती है, जिसमें सुनील ग्रोवर, मनीष पॉल, अनूप सोनी और श्वेता तिवारी भी अहम भूमिकाओं में हैं।
नानी की ‘द पैराडाइज’ भी रेस में आगे
श्रीकांत ओडेला के निर्देशन में बनी और 1980 के दशक के सिकंदराबाद की पृष्ठभूमि पर आधारित फिल्म ‘द पैराडाइज’ भी पीछे नहीं है। नानी और सोनाली कुलकर्णी स्टारर इस फिल्म ने रविवार (चौथे दिन) को 15.70 करोड़ रुपए की नेट कमाई की थी। वहीं पहले सोमवार को भी इस फिल्म ने 5.00 करोड़ रुपए का कारोबार किया है। इसके साथ ही ‘द पैराडाइज’ का भारतीय बॉक्स ऑफिस पर कुल कलेक्शन 97.10 करोड़ रुपए पहुंच गया है, जबकि वर्ल्डवाइड यह फिल्म 144.85 करोड़ रुपए कमा चुकी है।

