ऑनलाइन सट्टे की लत का खौफनाक अंजाम, पत्नी ने अपने ही घर से चुराए 13 लाख रुपये
Bhilwara Online Gaming Addiction: राजस्थान के भीलवाड़ा से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। पुलिस ने चोरी का एक ऐसा मामला उजागर किया है जिसने सभी को दंग कर दिया है। शहर के भीमगंज थाना क्षेत्र में, जब पुलिस ने एक खाली घर से 13 लाख रुपये की चोरी का पता लगाया, तो चोर घर की मालकिन शिप्रा जैन निकलीं। पुलिस ने उन्हें अपने ही घर में चोरी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी शिप्रा जैन ऑनलाइन सट्टे की आदी थी। इसी लत के चलते उसने अपने ही घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया। भीमगंज थाना क्षेत्र के तिलक नगर निवासी संदीप कुमार जैन ने 23 जून को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 22 जून की रात करीब 8 बजे वह और उनकी पत्नी शिप्रा जैन बाजार गए थे और घर पर कोई नहीं था। जब वे रात 9:30 बजे लौटे तो उन्होंने घर का मुख्य द्वार खुला पाया।
प्लॉट बेचकर पति ने रखे थे रुपये
इसके अलावा, कमरे में बिस्तर के नीचे लगा बॉक्स खुला हुआ था और उसमें से एक नीला बैग गायब था। गायब बैग में 13 लाख रुपये थे। शिकायतकर्ता संदीप जैन ने पुलिस को बताया कि वह प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं और उन्हें यह रकम एक व्यक्ति को देनी थी। उन्होंने जमीन का एक प्लॉट बेचा था और पैसे घर पर रखे थे। पुलिस द्वारा मामला दर्ज करने और शिकायतकर्ता की पत्नी शिप्रा जैन से गहन मनोवैज्ञानिक पूछताछ सहित विस्तृत जांच करने के बाद आखिरकार चोरी का पर्दाफाश हुआ।
पुलिस पूछताछ के दौरान शिप्रा ने सारा राज खोल दिया। उसने पुलिस को बताया कि वह ऑनलाइन जुआ खेलती थी। जब उसे पैसों की जरूरत पड़ी, तो उसने अपने पति की अलमारी में रखे पैसे धीरे-धीरे जुए में लगा दिए और लाखों रुपये हार गई। इसके बाद उसने घर में चोरी का नाटक रचा और अपने पति के साथ मिलकर मामला दर्ज कराया। पुलिस का कहना है कि महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। (एजेंसी)

