Wed. Jul 1st, 2026

LPG Cylinder Price Cut: गैस सिलेंडर के दाम घटे.. पेट्रोल-डीजल भी सस्ता, 1 जुलाई से लागू हुए नए रेट, जानिए क्या-क्या बदला

1 जुलाई से 19 किलो वाले कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम 180 रुपये तक घट गए हैं। वहीं नायरा एनर्जी ने पेट्रोल 5 रुपये और डीजल 3 रुपये प्रति लीटर सस्ता कर दिया है। इसके अलावा डीजल खरीद पर लगी 200 लीटर की सीमा भी हटा दी गई है।

 

नई दिल्ली। जुलाई महीने की शुरुआत आम लोगों और कारोबारियों के लिए राहत भरी खबर लेकर आई है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलो वाले कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 180 रुपये तक की कटौती कर दी है। वहीं निजी ईंधन कंपनी नायरा एनर्जी ने भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बड़ी राहत देते हुए पेट्रोल 5 रुपये और डीजल 3 रुपये प्रति लीटर सस्ता कर दिया है। नई कीमतें 1 जुलाई 2026 से लागू हो गई हैं।

 

कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर हुआ सस्ता

 

ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 180 रुपये से अधिक की कटौती की है। दिल्ली में सिलेंडर की कीमत 3,113.50 रुपये से घटकर 2,930 रुपये हो गई है। कोलकाता, मुंबई, चेन्नई, लखनऊ और पटना समेत कई शहरों में भी नए रेट लागू कर दिए गए हैं।

 

प्रमुख शहरों में कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के नए रेट

 

दिल्ली: 2,930 रुपये (183.50 रुपये की कटौती)

 

कोलकाता: 3,081.50 रुपये (174 रुपये की कटौती)

 

मुंबई: 2,885.50 रुपये (182 रुपये की कटौती)

 

चेन्नई: 3,106 रुपये (177 रुपये की कटौती)

 

लखनऊ: 3,052.50 रुपये

 

पटना: 3,227 रुपये

 

घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में बदलाव नहीं

 

14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। प्रमुख शहरों में घरेलू सिलेंडर की कीमतें इस प्रकार हैं।

 

दिल्ली: 942 रुपये

 

नोएडा: 939 रुपये

 

मुंबई: 941 रुपये

 

चंडीगढ़: 951 रुपये

 

कोलकाता: 968 रुपये

 

चेन्नई: 957.50 रुपये

 

पटना: 1,031 रुपये

 

हैदराबाद: 994 रुपये

 

लखनऊ: 979.50 रुपये

 

नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल किया सस्ता

 

एलपीजी के बाद अब पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी राहत मिली है। निजी क्षेत्र की प्रमुख ईंधन कंपनी नायरा एनर्जी ने अपने देशभर के 7,000 से अधिक पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल की कीमत 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 3 रुपये प्रति लीटर कम कर दी है। नई कीमतें 1 जुलाई से प्रभावी हो गई हैं।

 

सरकारी तेल कंपनियों ने नहीं बदले दाम

 

फिलहाल इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है। हालांकि माना जा रहा है कि निजी कंपनियों की पहल के बाद सरकारी कंपनियां भी जल्द कीमतों की समीक्षा कर सकती हैं।

 

डीजल खरीद पर लगी सीमा हटाई गई

 

सरकार ने 1 जुलाई से पेट्रोल पंपों पर एक वाहन को प्रतिदिन केवल 200 लीटर डीजल देने की सीमा भी समाप्त कर दी है। अब उपभोक्ता अपनी जरूरत के अनुसार डीजल खरीद सकेंगे। फैक्ट्रियों और बड़े व्यावसायिक खरीदारों पर लगी पाबंदी भी हटा दी गई है। यह प्रतिबंध जून में ईंधन आपूर्ति प्रभावित होने के कारण लगाया गया था।

 

पेट्रोल निर्यात पर बढ़ी एक्साइज ड्यूटी

 

सरकार ने 1 जुलाई से पेट्रोल निर्यात पर स्पेशल एडिशनल एक्साइज ड्यूटी (SAED) को 1.50 रुपये से बढ़ाकर 4 रुपये प्रति लीटर कर दिया है।

 

युद्ध के बाद मिली राहत

 

ईरान-इजराइल और पश्चिम एशिया में तनाव के कारण पिछले कुछ महीनों में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और गैस की कीमतों में भारी उछाल आया था। इसका असर भारत में भी देखने को मिला और कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतें लगातार बढ़ती रहीं। अब वैश्विक बाजार में कीमतों में नरमी आने के बाद कंपनियों ने उपभोक्ताओं को राहत दी है।

 

About The Author