भारी बारिश में नोएडा एयरपोर्ट का अंडरपास जलमग्न, दो ट्रैवलेटर और लिफ्ट खराब
ग्रेटर नोएडा: नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर टैक्सी स्टैंड को टर्मिनल से जोड़ने वाले भूमिगत मार्ग में जलभराव के कारण दो ट्रैवलर और एक लिफ्ट में तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसे ठीक करने का काम तकनीकी टीमों ने शुरू कर दिया है। इस सब-वे के आसपास का क्षेत्र इस तरफ ढलान वाला है, इसलिए पानी यहां आ गया था। अब यहां हरियाली आदि का काम किया जाएगा ताकि यह समस्या दोबारा न हो। मंगलवार दोपहर को हुई बारिश के कारण लॉन की सतह से बारिश का पानी ढलान वाले हिस्से से बहकर भूमिगत मार्ग में घुस गया था। इसी वजह से जलभराव हो गया था।
30 मिनट में निकाल दिया गया था पानी
कर्मचारियों ने मोटर पंपों की मदद से 30 मिनट से भी कम समय में पानी निकाल दिया। इस क्षेत्र में स्थित ट्रैवलर और लिफ्ट में खराबी आ गई थी। कर्मचारी ट्रैवलर और लिफ्ट की मरम्मत में जुटे हुए थे। नोएडा हवाई अड्डे के अधिकारी जलभराव के कारण की जांच कर रहे हैं। ऐसा माना जा रहा है कि बारिश के पानी के साथ मिट्टी बहकर आ गई, जिससे अंडरपास से पानी की निकासी अवरुद्ध हो गई। इसी वजह से अंडरपास में पानी भर गया।
मरम्मत कार्य की देखरेख कर रहे एक इंजीनियर ने बताया कि हवाई अड्डा नया है और इस तरह की समस्याओं का समाधान समय-समय पर किया जा रहा है। जलभराव को रोकने के लिए फुटपाथ को फिर से डिजाइन करने और उसकी ऊंचाई बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। हवाई अड्डे के नोडल अधिकारी शैलेंद्र भाटिया ने कहा कि तकनीकी टीम भविष्य में ऐसी समस्याओं को रोकने के लिए काम कर रही है। (एजेंसी)

