छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में ऑरेंज-यलो चेतावनी
CG Rain Alert: छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर बदलने वाला है। एक नए मौसम तंत्र के प्रभाव से अगले तीन दिनों तक राज्य में मानसून सक्रिय रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों में उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में बारिश होने की आशंका है। कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। बारिश के साथ-साथ कई क्षेत्रों में तेज हवाएं और बिजली गिरने की भी आशंका है।
कई इलाकों में हुई हल्की से मध्यम बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान सबसे अधिक तापमान दुर्ग जिले में दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, राजधानी रायपुर में तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। बादलों और बारिश से गर्मी से राहत मिली।
रायपुर में बारिश के आसार, तापमान में गिरावट
आज राजधानी रायपुर और आसपास के इलाकों में बारिश होने की संभावना है। सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं और मौसम सुहावना बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, रायपुर में आज अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। बारिश से तापमान में और गिरावट आ सकती है।

इन जिलों में जारी हुआ ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसमें भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका जताई गई है। इनमें रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौराउला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर शामिल हैं। इन इलाकों में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
कई जिलों में यलो अलर्ट, आंधी और बिजली गिरने की संभावना
मौसम विभाग ने कई अन्य जिलों के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया है. इनमें सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली शामिल हैं। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने, बिजली गिरने और बारिश होने की आशंका है।
किसानों और आम जनता को सतर्क रहने की सलाह
मानसून की गतिविधियों को देखते हुए, किसानों और आम जनता को मौसम पर नजर रखने की सलाह दी गई है। खुले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से बिजली गिरने के दौरान सावधानी बरतने और तेज हवाओं के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने का आग्रह किया गया है। (एजेंसी)

