वायरल के अटैक के बीच ‘स्वाइन फ्लू’ की एंट्री: भोपाल में 10 हजार के पार OPD, स्वास्थ्य विभाग जारी कर सकता है अलर्ट
भोपाल/इंदौर। मध्य प्रदेश में मौसम बदलने के साथ ही वायरल और रेस्पिरेटरी इन्फेक्शन के मामलों में भारी उछाल आया है। इस बीच प्रदेश में स्वाइन फ्लू (H1N1) ने भी खतरनाक दस्तक दे दी है, जिससे स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है।
भोपाल में 6 नए मरीज, अस्पतालों में भारी भीड़
राजधानी भोपाल में भी स्वाइन फ्लू का खतरा बढ़ गया है। शहर में अब तक 6 मरीजों में H1N1 संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। वहीं, वायरल फीवर के बढ़ते प्रकोप के कारण भोपाल के सरकारी अस्पतालों की OPD रोजाना 10,000 के आंकड़े को पार कर गई है।
स्वास्थ्य विभाग का एक्शन प्लान
पहली मौत और भोपाल में लगातार मिल रहे मरीजों के बाद राज्य का स्वास्थ्य विभाग सख्त हो गया है। हालात की समीक्षा के लिए आज एक अहम बैठक बुलाई गई है। माना जा रहा है कि इस बैठक के बाद पूरे प्रदेश में रोकथाम के लिए ‘स्वाइन फ्लू अलर्ट’ और नई मेडिकल गाइडलाइन जारी की जा सकती है।
इंदौर में स्वाइन फ्लू से पहली मौत
मध्य प्रदेश में इस सीजन स्वाइन फ्लू से पहली मौत की आधिकारिक पुष्टि हो गई है। उज्जैन की रहने वाली 60 वर्षीय सरोज नागर की इंदौर के कोकिलाबेन अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। 31 जुलाई को उनकी तबीयत बिगड़ी थी और 3 अगस्त को उन्हें H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई थी। करीब 16 दिनों के इलाज के बाद उन्होंने दम तोड़ दिया।

