MP में स्वाइन फ्लू की दस्तक, 60 वर्षीय महिला की इलाज के दौरान मौत
Ujjain news: मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में स्वाइन फ्लू के मामले सामने आने लगे हैं। जानकारी के अनुसार, ऋषिनगर एक्सटेंशन की निवासी लगभग 60 वर्षीय सरोज नागर की कल रात इंदौर में स्वाइन फ्लू के इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। महिला में 31 जुलाई को स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई थी। इसके बाद उन्हें गंभीर हालत में इंदौर के कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि, उज्जैन स्वास्थ्य प्रशासन को अभी तक इंदौर स्वास्थ्य प्रशासन से महिला की स्वाइन फ्लू से हुई मृत्यु के संबंध में कोई आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है।
महिला वेंटिलेटर सपोर्ट में थी
महिला की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें 28 जुलाई को अवंतिका अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया। जब उनकी सेहत में सुधार नहीं हुआ और उनमें स्वाइन फ्लू के लक्षण दिखने लगे, तो 31 जुलाई को उनकी जांच की गई, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद महिला को गंभीर हालत में इंदौर के कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉ. एचपी सोनानिया ने बताया कि 31 जुलाई को महिला के स्वाइन फ्लू से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। उन्होंने बताया कि लंबे समय बाद शहर में स्वाइन फ्लू का मामला सामने आया है।
आसपास के क्षेत्र में भी कराया सर्वे
महिला में स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने के बाद, स्वास्थ्य विभाग ने दावा किया कि एक टीम ने उसके परिवार और आसपास के क्षेत्र का सर्वेक्षण किया। डॉ. सोनानिया के अनुसार, सर्वेक्षण के दौरान किसी अन्य व्यक्ति में वायरल संक्रमण के लक्षण नहीं पाए गए। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, परीक्षण रिपोर्ट ने संक्रमण की पुष्टि की। मध्य प्रदेश में इस मौसम में स्वाइन फ्लू से यह पहली मौत बताई जा रही है। इस मामले के बाद, स्वास्थ्य विभाग संक्रमण की निगरानी कर रहा है और आवश्यक जानकारी जुटा रहा है।
स्वाइन फ्लू के लक्षण और बचाव
स्वाइन फ्लू, इन्फ्लूएंजा ए (एच1एन1) वायरस के कारण होने वाला एक संक्रामक श्वसन रोग है। यह मुख्य रूप से खांसने, छींकने या दूषित सतहों को छूने से फैलता है। इसके लक्षणों में तेज बुखार, खांसी, गले में खराश और शरीर में दर्द शामिल हैं। संक्रमण बढ़ने पर सांस लेने में परेशानी हो सकती है। बचाव के लिए नियमित रूप से हाथ धोना, आवश्यकता होने पर मास्क पहनना और सर्दी-जुकाम या फ्लू से पीड़ित व्यक्ति से उचित दूरी बनाए रखना जरूरी है। लक्षण दिखाई देने पर डॉक्टर से परामर्श लेना चाहिए। इंदौर में अब तक स्वाइन फ्लू से ग्रस्त पांच मरीज मिल चुके हैं।
क्या होता है स्वाइन फ्लू ?
स्वाइन फ्लू, जिसे H1N1 वायरस के नाम से भी जाना जाता है, इन्फ्लूएंजा का एक नया प्रकार है, जिसके लक्षण सामान्य फ्लू के समान होते हैं। मूल रूप से यह सूअरों में पाया जाने वाला रोग है, जो अब मनुष्यों में भी फैल चुका है। मनुष्यों में इसका संचरण दर, यानी एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में फैलने की गति, काफी तीव्र है। डॉक्टरों का मानना है कि स्वाइन फ्लू एक श्वसन संबंधी रोग है जो श्वसन प्रणाली को प्रभावित करता है। (एजेंसी)

