MP Cabinet Decisions: किसानों को लोन राहत! युवाओं और शिक्षकों के लिए भी मोहन कैबिनेट का बड़ा तोहफा
कवच योजना से 5 हजार डिफॉल्टर किसानों को मिलेगी राहत, 30 साल सेवा पूरी कर चुके शिक्षकों को मिलेगी क्रमोन्नति
MP cabinet : मंगलवार 4 अगस्त को हुई मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की कैबिनेट बैठक में राज्य के किसानों और आम जनता के हित में कई अहम प्रस्तावों पर मुहर लगी है। सरकार ने अपैक्स बैंक और सहकारी समितियों के फेर में फंसे करीब 5 हजार डिफॉल्टर किसानों को बड़ी राहत दी है। इसके लिए कैबिनेट ने कवच योजना को हरी झंडी दे दी है। इस योजना के शुरू होने से लोन के जाल में उलझे हजारों किसानों को सीधी मदद मिलेगी।
बेहतर रिजल्ट देने वाले प्रिंसिपलों को 1 लाख का इनाम
शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के लिए सरकार ने एक बड़ा ऐलान किया है। जिन स्कूलों का बोर्ड रिजल्ट लगातार 3 साल तक 100 प्रतिशत रहेगा, वहां के प्राचार्य (Principal) को 1 लाख रुपए की सम्मान राशि दी जाएगी। इसके साथ ही उन स्कूलों के विकास के लिए 3 लाख रुपए की अलग से सहायता राशि मिलेगी।
बता दें कि राज्य में 60 नए स्कूलों के निर्माण के लिए 25 हजार 500 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं, जबकि 10 हजार नए शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है।
शिक्षकों को क्रमोन्नति और ग्वालियर को टेलिकॉम हब की सौगात
आदिम जाति कल्याण विभाग के शिक्षकों के लिए भी कैबिनेट से अच्छी खबर आई है। 30 साल की सेवा पूरी कर चुके शिक्षकों को अब क्रमोन्नति वेतनमान का लाभ दिया जाएगा।
इसके अलावा ग्वालियर में देश का पहला टेलिकॉम मैन्यूफैक्चरिंग जोन बनने जा रहा है। लगभग 350 एकड़ में फैलने वाले इस जोन के पहले चरण के लिए 493 करोड़ रुपए मंजूर हुए हैं। इसके लिए राज्य सरकार 596 करोड़ रुपए की 170 एकड़ जमीन मुफ्त दे रही है। इस प्रोजेक्ट से करीब 12 से 15 हजार करोड़ का निवेश आएगा और 5000 लोगों को रोजगार मिलेगा।
7 अगस्त से जल विश्वास और 9 से चलेगा हर घर तिरंगा अभियान
कैबिनेट बैठक में राज्य स्तरीय अभियानों की रूपरेखा भी तय की गई है। आगामी 7 अगस्त से छिंदवाड़ा जिले से ‘जल विश्वास अभियान’ की शुरुआत की जाएगी, जिसमें जल संरक्षण और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा होगी।
वहीं, 9 से 17 अगस्त तक पूरे प्रदेश में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जाएगा। इस बार राष्ट्रीय गीत के 150 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में विशेष प्रदर्शनी और प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा।

